मिर्जागंज बदड़ीहा में ऐतिहासिक दुर्गा पूजा की तैयारी तेज, समिति ने गठित कीं विशेष टोलियां

गिरिडीह: सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति, मिर्जागंज, बदड़ीहा द्वारा इस वर्ष 2026 की दुर्गा पूजा को ऐतिहासिक और व्यवस्थित रूप से मनाने की तैयारी जोर-शोर से चल रही है। पूजा को सफल बनाने हेतु समिति ने एक बैठक कर विभिन्न कार्यों के लिए अलग-अलग टोलियों का गठन किया है।
उक्त जानकारी सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति मिर्जागंज, बदडीहा के अध्यक्ष रंजीत साव ने दी। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि माता रानी के स्वागत के लिए पूरे क्षेत्र की तमाम गलियों और मोहल्लों को झंडों और बैनरों से सजाया जाएगा। इसके लिए कुल 06 विशेष टोलियाँ बनाई गई हैं। सभी टोलियों को पूजा समिति की ओर से झंडा और बैनर उपलब्ध करा दिया गया है।
पूजा और मेला को सुचारू रूप से चलाने के लिए निम्नलिखित टोलियों का निर्माण किया गया है:
- लाइट एवं डेकोरेशन टोली: पूरे मंदिर परिसर, सांस्कृतिक मैदान और मेला क्षेत्र की आकर्षक लाइटिंग और डेकोरेशन की व्यवस्था देखेगी।
- साउंड सिस्टम टोली: भक्ति जागरण, गरबा-डांडिया और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान साउंड सिस्टम की व्यवस्था संभालेगी।
- साफ-सफाई टोली: मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रतिदिन साफ-सफाई हेतु विशेष टोली बनाई गई है।
- मेला व्यवस्था एवं सुरक्षा टोली: मेले में भीड़ नियंत्रण और शांति बनाए रखने के लिए युवाओं की एक विशेष टीम गठित की गई है। यह टीम विशेष रूप से Melody 90 और सेल्फी पॉइंट पर व्यवस्था संभालेगी।
- महालंगर वितरण टोली: कलश स्थापना से लेकर दशमी पूजन तक प्रतिदिन संध्या 06 बजे से होने वाले महालंगर के सुचारू वितरण के लिए अलग टोली बनाई गई है।
समिति ने सभी ग्रामवासियों से अपील की है कि वे इस आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें।


