फागुनी बयार में सराबोर हुई वसुंधरा गली, महिलाओं ने मनाया भव्य होली महोत्सव

बोकारो : रंगों का त्योहार होली केवल रंगों का खेल नहीं, बल्कि दिलों को जोड़ने का उत्सव है। इसी भावना को साकार करते हुए नगर के सेक्टर-3बी स्थित वसुंधरा गली में वसुंधरा परिवार महिला मंडली द्वारा भव्य और ऊर्जावान होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया।
समारोह की शुरुआत होते ही पूरी गली गुलाल के बादलों से सतरंगी हो उठी। महिलाओं ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर और गले मिलकर होली की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर सामाजिक सौहार्द्र और आपसी प्रेम को समाज की मुख्य धारा बनाने पर बल दिया गया।
कार्यक्रम में पारंपरिक होली गीतों, लोकधुनों और फिल्मी गानों पर महिलाओं और बच्चों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर समां बांध दिया। बच्चों की टोली का उत्साह देखते ही बनता था। कार्यक्रम को रोमांचक बनाने के लिए कई मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
मौके पर रूपा, अनामिका, रूबी, रेणु, अनीता, कंचन, रश्मि, लक्ष्मी, वीणा, पिंकी, प्रियंका, खुशबू, चंदा सिंह, मुन्नी देवी, अमरावती, सुनीता, आशा, रीमा तथा मोनी सहित अन्य महिलाएं उपस्थित रहीं।


