कोडरमा में ग्रिजली कॉलेज का रोजगार मेला बना आत्मनिर्भरता की मिसाल

कोडरमा : ग्रिजली कॉलेज ऑफ एजुकेशन के आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (आई.क्यू.ए.सी.) के अन्तर्गत प्लेसमेंट सेल के द्वारा रोजगार मेला का आयोजन सफलतापूर्वक किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य प्रशिक्षुओं को रोजगार के अवसर प्रदान करना था।
इस अवसर पर महाविद्यालय के पूर्व के अनेक छात्र-छात्राओं (एलुमनी) तथा बी.एड. एवं डी.एल.एड. सत्र 2023–25 तथा 2024–26 के प्रशिक्षुओं ने साक्षात्कार दिया एवं अपनी सहभागिता निभाई। विभिन्न प्रतिष्ठित विद्यालयों ने रोजगार मेले में सम्मिलित होकर अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया। इस अवसर पर कोडरमा जिला के ग्रिजली विद्यालय एवं ग्रिज़ली पब्लिक स्कूल सहित अन्य कई प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों की सहभागिता उल्लेखनीय रही।
साक्षात्कार प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न की गई। विषय-विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षुओं की शैक्षणिक दक्षता, शिक्षण कौशल, व्यक्तित्व, संप्रेषण क्षमता एवं कक्षा-प्रबंधन योग्यता का मूल्यांकन किया गया। इस चयन प्रक्रिया में प्रशिक्षुओं का विभिन्न विद्यालयों में माध्यमिक, प्राथमिक व पूर्व–प्राथमिक स्तर पर शिक्षक पद हेतु चयन किया गया। यह उपलब्धि न केवल चयनित प्रशिक्षुओं के लिए गौरव का विषय है, बल्कि महाविद्यालय की उत्कृष्ट शैक्षणिक परंपरा, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण व्यवस्था एवं अनुशासित वातावरण का भी प्रमाण है।
इस अवसर पर महाविद्यालय के सचिव अविनाश कुमार सेठ ने अपने सम्बोधन में कहा कि रोजगार मेला हमारे संस्थान की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य प्रशिक्षुओं को उनके शैक्षणिक जीवन के पश्चात् सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाना है। हमें अत्यंत प्रसन्नता है कि महाविद्यालय के प्रशिक्षु अपनी प्रतिभा, परिश्रम एवं नैतिक मूल्यों के आधार पर विभिन्न विद्यालयों में चयनित होकर शिक्षा जगत में योगदान देने जा रहे हैं। इस प्रकार का रोजगार मेला भविष्य में भी निरंतर आयोजित किया जाएगा ।
रोजगार मेला के सफल आयोजन में महाविद्यालय के सभी सहायक प्राध्यापकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों एवं आयोजन समिति के सदस्यों का विशेष योगदान रहा। रोजगार मेला महाविद्यालय के आईंक्यूएसी समन्वयक मनीष कुमार सिन्हा के देख देख संपन्न किया गया।


