साहिबगंज में काली मंदिर व बायसी मंदिर चोरी मामले का खुलासा
-1024x614.jpeg)
साहिबगंज : विगत वर्ष 2025 में काली पूजा के दौरान जिरवाबाड़ी थाना अंतर्गत रंगोली रेस्टोरेंट के समीप काली मंदिर में मां काली के आभूषण एवं इस वर्ष जनवरी में नगर थाना अंतर्गत मां बायसी मंदिर में काली मां के आभूषण की चोरी हुई थी। इस संवेदनशील मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह द्वारा सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में कांडों के उद्भेदन एवं अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु एक छापामारी दल का गठन किया गया था।
छापामारी दल के द्वारा इन कांडों के उद्भेदन हेतु लगातार प्रयास किया जा रहा था। इसी क्रम में शुक्रवार को पुनः बायसी स्थान मंदिर में मां काली के आभूषणों की चोरी करते समय साजन कुमार साव उर्फ साजन साव उम्र 19 वर्ष, पिता मनोज साव उर्फ मनोज साह, साकिन पुरानी बाराहाट, थाना इशाइपुर बाराहाट, जिला भागलपुर, को पकड़ा गया। युवक ने जिरवाबाड़ी थाना अंतर्गत मां काली मंदिर एवं नगर थाना अंतर्गत मां बायसी मंदिर में पूर्व में हुए चोरी के मामलों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
दोनों स्थानों में चोरी के समय प्राप्त फुटेज से भी अभियुक्त की पहचान स्थापित हुई। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि जिरवाबाड़ी थाना अंतर्गत रंगोली रेस्टोरेंट के समीप मां काली मंदिर से मां काली की आभूषण चोरी करते समय पहने गए कपड़े एवं जूते अभियुक्त के निशानदेही पर उसके घर से बरामद किया गया। चोरी किए गए आभूषणों की बरामदगी हेतु लगातार छापामारी की जा रही है।
मां बायसी स्थान मंदिर में चोरी करने के प्रयास के संबंध में अलग से नगर थाना कांड संख्या 31/2026, धारा-305 बीएनएस के अंतर्गत दर्ज कर अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। उपयुक्त जानकारी नगर थाना परिसर में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी किशोर तिर्की ने प्रेस वार्ता के माध्यम से दी।


