Sahebganj News : यूजी द्वितीय सेमेस्टर परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न

साहिबगंज : मॉडल कॉलेज राजमहल में सिद्धो-कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित यूजी द्वितीय सेमेस्टर (सत्र 2024–28) परीक्षा 2025 की प्रथम पाली कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। परीक्षा को लेकर महाविद्यालय प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियाँ पूर्व से ही पूरी कर ली गई थीं, जिससे परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना नहीं करना पड़ा। प्रथम पाली की परीक्षा में कुल 262 परीक्षार्थी नामांकित थे, जिनमें से 233 परीक्षार्थी उपस्थित हुए, जबकि 29 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। जबकि द्वितीय पाली की परीक्षा में 132 परीक्षार्थी नामांकित रहे।
परीक्षा प्रारंभ होने से पूर्व ही महाविद्यालय परिसर में परीक्षार्थियों की सघन जाँच की गई तथा विश्वविद्यालय के निर्देशानुसार सभी कक्षाओं में समुचित बैठने की व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, प्रकाश, पंखा एवं सुरक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी। महाविद्यालय के प्राचार्य सह केंद्राधीक्षक डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने परीक्षा संचालन को लेकर कहा कि विश्वविद्यालय के दिशा-निर्देशों का पूर्णतः पालन करते हुए परीक्षा को निष्पक्ष एवं पारदर्शी वातावरण में सम्पन्न कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि परीक्षा कार्य में प्रतिनियुक्त सभी वीक्षक, कर्मी एवं पदाधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं सजगता के साथ कर रहे हैं। परीक्षा केन्द्र पर अनुशासन बनाए रखने के लिए आवश्यक निगरानी की भी समुचित व्यवस्था की गई थी।
परीक्षार्थियों ने भी शांतिपूर्ण वातावरण में परीक्षा देकर संतोष व्यक्त किया। डॉ. रणजीत ने जिला प्रशासन और जिला पुलिस प्रशासन को सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। महाविद्यालय प्रशासन ने सभी परीक्षार्थियों से आगामी पालियों में भी निर्धारित समय से पूर्व उपस्थित होकर विश्वविद्यालय के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।


