नगर निगम चुनाव में अवैध होर्डिंग हटे, मेयर प्रत्याशी ने लगाया पक्षपात का आरोप

गिरिडीह : नगर निगम चुनाव को लेकर गिरिडीह निगम क्षेत्र में गहमा गहमी का माहौल है। मेयर एवं वार्ड पार्षद पद के प्रत्याशी चुनावी रंग में रंग गए हैं और प्रचार प्रसार का दौर शुरू हो चुका है। वहीं चुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता का अनुपालन कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी कड़ी में रविवार को प्रशासन द्वारा सख्ती बरतते हुए शहर में लगे अवैध चुनावी हेडिंग को हटाया गया। इस क्रम में शहर के विभिन चौक चौराहों पर प्रत्याशियों द्वारा लगाए गए अवैध होर्डिंग पोस्टर को अधिकारियों की टीम ने हटा दिया। इस दौरान नगर निगम के महापौर पद के प्रत्याशी कामेश्वर पासवान ने टावर चौक के समीप प्रशासन की इस करवाई का विरोध जताया।
मौके पर उन्होंने नगर निगम के पदाधिकारियों पर पक्षपात का आरोप तक लगा डाला और चुनाव आयोग से निष्पक्ष चुनाव कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि यह करवाई केवल विरोधियों को निशाना बनाने का प्रयास है। इधर नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि हटाए जा रहे सभी होर्डिंग मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट के अनुमति के बगैर लगाए गए हैं। अवैध रूप से लगाए गए सभी होर्डिंग्स को हटाया जा रहा है और एक समान करवाई की जा रही है। किसी प्रकार का भेदभाव या पक्षपात नहीं किया गया है।


