Koderma News: नकली पुलिस बनकर ठगी, दो लाख के जेवरात लेकर फरार

कोडरमा: तिलैया थाना अंतर्गत पूर्णिमा टॉकीज के समीप मंगलवार शाम नकली पुलिसकर्मी बनकर ठगी करने का मामला सामने आया है। बाइक सवार दो ठगों ने पुलिसकर्मी बनकर एक व्यक्ति को सुरक्षा का झांसा दिया और करीब दो लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवरात लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, पीड़ित नरेंद्र मोदी मंगलवार को किसी जरूरी काम से बाजार आए थे। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक उनके पास पहुंचे और खुद को पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय का कर्मी बताया।

दोनों ने दुर्गापूजा के दौरान बाजार में बढ़ी भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था का हवाला देते हुए उन्हें सोने के आभूषण पहनकर नहीं घूमने की सलाह दी। ठगों ने पुलिस होने का विश्वास दिलाते हुए नरेंद्र मोदी से उनके गले की सोने की चेन और हाथ की अंगूठी उतरवा ली। इसके बाद जेवरात को सुरक्षित रखने के नाम पर कागज की पुड़िया बनाने का नाटक किया।

ठगों ने असली जेवरात अपने पास रख लिए और कागज की पुड़िया में पत्थर का टुकड़ा लपेटकर पीड़ित को थमा दिया। इसके बाद दोनों बाइक से मौके से फरार हो गए। कुछ देर बाद नरेंद्र मोदी को शक हुआ। उन्होंने जब पुड़िया खोलकर देखी तो उसमें सोने के जेवरात के बजाय पत्थर का टुकड़ा मिला। इसके बाद उन्हें ठगी का अहसास हुआ और तत्काल इसकी सूचना तिलैया पुलिस को दी गई।

घटना की सूचना मिलते ही तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। प्रारंभिक जांच में हेलमेट पहने दो संदिग्ध युवक बाइक से जाते हुए दिखाई दिए हैं। पुलिस उनकी पहचान और बाइक के बारे में जानकारी जुटा रही है।

पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की

थाना प्रभारी ने शहरवासियों से अपील की है कि पुलिस जांच, चेकिंग या सुरक्षा के नाम पर किसी अनजान व्यक्ति को अपने आभूषण न सौंपें। किसी व्यक्ति की गतिविधि संदिग्ध लगे तो तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या पुलिस को सूचना दें। पुलिस मामले में आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की तैयारी कर रही है।

लेखक के बारे में

By Kumar Ramesham

Kumar Ramesham is associated with Samridh Jharkhand and actively covers local news, public issues, social developments, and important updates from Jharkhand and nearby regions. He focuses on delivering timely, factual, and community-centered reporting with an emphasis on accuracy and reliability.

Read More