Koderma News : हाईवा की टक्कर से एंबुलेंस क्षतिग्रस्त, प्रसव महिला समेत कई घायल

कोडरमा : झारखंड बिहार सीमा पर स्थित दर्शन नाला के समीप सोमवार को एक हाईवा की लापरवाही ने बड़े हादसे को अंजाम दिया। गया देवघर मुख्य मार्ग पर स्थित बॉर्डर होर्डिंग से टकराने के बाद हाईवा के पीछे आ रही एक एंबुलेंस को भी चपेट में ले लिया, इस घटना से एंबुलेंस चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाईवा झारखंड से मिट्टी डंप कर बिहार की ओर से अनलोड कर वापस लौट रहा था।
इस दौरान हाईवा का डाला उठा हुआ था। जैसे ही वाहन बॉर्डर पर लगे लोहे का विशाल होर्डिंग के नीचे से गुजरा, उठे हुए डाला ने होर्डिंग को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से होर्डिंग का ढांचा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इसी दौरान हाईवा के ठीक पीछे एक एंबुलेंस (बीआर 01पी एन 7931) मरीज को लेकर सतगावां ढाब के रास्ते बिहार के महवरा की ओर जा रही थी। होर्डिंग से टकराने के बाद हाईवा की चपेट में आने से एंबुलेंस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
इस हादसे में एंबुलेंस चालक मनोज यादव उम्र 42 वर्ष एवं ईएमटी प्रदीप कुमार सहित एम्बुलेंस में बैठे मरीज प्रसव महिला उर्मिला देवी साथ में जा रही परिजन संजू देवी, सीमा देवी भी घायल हो गए हैं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत उपचार के लिए गोविंदपुर स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां उपचार के बाद सदर अस्पताल नवादा रेफर कर दिया गया।
हादसे के बाद हाईवा का चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही सतगावां और गोविंदपुर (बिहार) प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। हाईवा एवं एंबुलेंस को सतगावां थाना लाया गया।


