Palamu News: झारखंड स्टेट जूनियर वुशू चैंपियनशिप में बिश्रामपुर के रिशु ने जीता कांस्य पदक

राज्य स्तरीय वुशू प्रतियोगिता में पदक हासिल कर जिले का नाम रोशन करते खिलाड़ी।

पलामू: झारखंड स्टेट जूनियर वुशू चैंपियनशिप में पलामू के रिशु ने अंडर-85 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया। चैंपियनशिप का आयोजन 3 एवं 4 अक्टूबर को रांची के सिल्ली स्थित कला भवन में किया गया। रिशु बिश्रामपुर जैसे छोटे क्षेत्र से आते हैं और सीमित संसाधनों के बावजूद लगातार मेहनत कर रहे हैं। उनकी इस उपलब्धि पर पलामू के खेल जगत में खुशी का माहौल है।

पलामू वुशू एसोसिएशन के अध्यक्ष रमेश चंद्र प्रसाद ने कहा, “रिशु ने अपनी मेहनत और लगन से यह उपलब्धि हासिल की है। छोटे क्षेत्र से निकलकर राज्य स्तर पर पदक जीतना गर्व की बात है। हम उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं और उम्मीद करते हैं कि वे आगे और बेहतर प्रदर्शन करेंगे।”

पलामू ओलंपिक एसोसिएशन के सचिव संजय त्रिपाठी ने कहा, “राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पलामू के खिलाड़ी का पदक जीतना जिले के लिए गौरव की बात है। रिशु ने साबित किया है कि प्रतिभा किसी स्थान की मोहताज नहीं होती। उन्हें मेरी ओर से हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।”

पलामू वुशू एसोसिएशन के सचिव सुमित वर्मन ने कहा, “रिशु को बहुत-बहुत बधाई। वह बिश्रामपुर से आता है और कभी-कभी ही The Karate Academy में प्रशिक्षण के लिए आ पाता है, जबकि नियमित अभ्यास अपने क्षेत्र में करता है। सीमित प्रशिक्षण के बावजूद राज्य स्तर पर पदक हासिल करना उसके मेहनत और प्रतिभा को दर्शाता है। मैं उम्मीद करता हूं कि आगे उसे बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं मिलेंगी और वह आने वाले समय में पलामू के लिए और बड़ी उपलब्धियां हासिल करेगा।” तीनों पदाधिकारियों ने रिशु को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए उसकी मेहनत और अभ्यास जारी रखने की अपील की।

लेखक के बारे में

By Ajeet Kumar Pathak

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More