Koderma News: रेलवे स्टेशन पर हुआ हादसा, पुराना फुटओवर ब्रिज मालगाड़ी पर गिरा
1-1024x614.jpeg)
कोडरमा। कोडरमा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर शनिवार को उस वक्त एक बड़ा हादसा होने से टल गया जब यहां बने पुराने फुट ओवर ब्रिज को हटाने के दौरान वह नीचे पटरी पर खड़ी मालगाड़ी पर जा गिरा। शाम के करीब चार बजे हुए इस हादसे के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि गनीमत यह रहा कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ और ना ही कोई इसकी चपेट में आया। मिली जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना कोडरमा स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर सात पर हुई। अमृत भारत योजना के तहत प्रदेश के कोडरमा रेलवे स्टेशन को भी अपग्रेड किया जा रहा है। इसी अपग्रेडेशन के चलते शनिवार को स्टेशन पर एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाने के लिए बने पुराने पैदल ब्रिज को खोलकर हटाया जा रहा था, तभी क्रेन की केबल टूट गई। घटना में रस्सी के टूटते ही पैदल पुल का खुला हुआ हिस्सा नीचे गिर गया। इस दौरान पटरी पर मालगाड़ी खड़ी हुई थी, जिससे कि ब्रिज का हिस्सा उस पर गिर पड़ा। हालांकि अच्छी बात यह रही कि दुर्घटना के वक्त नीचे कोई पैसेंजर ट्रेन नहीं थी, वरना कई लोग इसकी चपेट में आ सकते थे। घटना के बाद ब्रिज के टूटे हिस्सा को हटा लिया गया।

