Hazaribagh News: पदमा ओपी पुलिस ने गैरेज चोरी मामले का किया त्वरित खुलासा, एक गिरफ्तार

हजारीबाग: पदमा ओपी क्षेत्र में गैरेज से चोरी के मामले का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खुलासा किया है। सुबोध लाइन होटल के सामने मेराज अंसारी के गैरेज से चोरी हुए पांच जैक और नट-बोल्ट खोलने वाली प्रेशर मशीन बरामद कर ली गई। मामले में सुजी गांव निवासी आर्यन राज उर्फ आर्यन कुमार मेहता (19) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
दो अक्टूबर की रात गैरेज से सामान चोरी होने की शिकायत चार अक्टूबर को मिली थी। इसके बाद पदमा ओपी प्रभारी श्रवण कुमार के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई करते हुए आर्यन को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर उसके घर से तीन जैक व प्रेशर मशीन, जबकि विक्रम कुमार मेहता के घर से दो जैक, पूर्व में चोरी की गई स्कूटी (जेएच 13जे-6674) और घटना में प्रयुक्त ग्लैमर बाइक (जेएच 02 ए जेड 4338) बरामद की गई।
मामले में बरही (पदमा) थाना कांड संख्या 350/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4), 305(ए) व 3(5) में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, आर्यन के विरुद्ध सदर हजारीबाग थाना में वर्ष 2024 का एक मामला भी दर्ज है। छापेमारी दल में ओपी प्रभारी श्रवण कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक राजेश कुमार हाजरा व संदीप कुमार, सहायक पुलिस अवर निरीक्षक रामु महतो तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।


