दिशोम गुरु की अस्थियां दामोदर में विसर्जित, हेमन्त ने निभाई परंपरा

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने रजरप्पा स्थित दामोदर नदी घाट पर स्थानीय परंपरा के अनुसार पिता व पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन की अस्थियां विसर्जित कीं. इस भावुक पल में परिजनों और ग्रामवासियों की उपस्थिति रही.
रामगढ़: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन आज स्मृति शेष-राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन के अस्थि-कलश को लेकर पैतृक गांव नेमरा से रजरप्पा स्थित दामोदर नदी घाट पहुंचे. मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने यहां पूरे पारम्परिक विधि-विधान से स्मृति शेष-“गुरुजी” की अस्थियों को दामोदर नदी में विसर्जित किया. मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के साथ उनके छोटे भाई विधायक बसंत सोरेन सहित अन्य पारिवारिक सदस्य तथा नेमरा ग्रामवासी मौजूद रहे.
मुख्यमंत्री ने नम आंखों से दिशोम गुरु की अस्थियां विसर्जित की
रजरप्पा स्थित दामोदर नदी के घाट पर स्थानीय पाहन द्वारा सभी विधिवत रीति-रिवाज का अनुपालन कराते हुए मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के हाथों से स्मृति शेष-दिशोम गुरु शिबू सोरेन की अस्थियां विसर्जित कराई गई, अस्थियां प्रभावित करते समय मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के आंखों में अपने पिता को खोने की पीड़ा साफ झलक रही थी.


