Koderma News: झुमरीतिलैया में जुलूस निकाल श्रम विभाग पर ट्रेड यूनियनों ने किया प्रदर्शन

कोडरमा: केंद्रीय ट्रेड यूनियनों एवं स्वतंत्र फेडरेशनों के आह्वान पर केन्द्र सरकार की मजदूर विरोधी लेबर कोड के खिलाफ देशव्यापी हड़ताल के समर्थन में सीटू, एक्टू और एटक के संयुक्त बैनर तले वीर कुंवर सिंह पार्क से ओवरब्रिज, झंडा चौक होते हुए जुलूस निकाल महाराणा प्रताप चौक के समीप श्रम अधीक्षक कार्यालय पर पहुंच प्रदर्शन व सभा आयोजित की गई. एटक के नेता और जिप सदस्य महादेव राम ने कहा कि पूरे देश में सफल हड़ताल ने मोदी सरकार की नींव हिला दी है. सरकार अपनी जनविरोधी नीतियों को वापस नहीं लेती है तो आंदोलन और तेज होगा. 

सीटू और निर्माण कामगार यूनियन के जिलाध्यक्ष प्रेम प्रकाश ने कहा कि आज निर्माण मजदूरों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. मजदूरों के रजिस्ट्रेशन के लिए श्रमाधान पोर्टल ठीक से काम नहीं कर रहा है और जिसके कारण उनका लेबर कार्ड नहीं बन रहा है. एक्टू के जिला सचिव विजय पासवान ने कहा कि मजदूरों को गुलाम बनाने के उद्देश्य से चार लेबर कोड के माध्यम से काम के निर्धारित घंटे, ट्रेड यूनियन अधिकार, हड़ताल का अधिकार, यूनियनों की मान्यता, न्यूनतम वेतन, पीएफ, पेंशन, बोनस जैसे अधिकार छीनने की साजिश है.

सभा की अध्यक्षता सोनिया देवी व संचालन तुलसी राणा ने किया. जबकि एटक के बिनोद पासवान, राजद के जिलाध्यक्ष महेंद्र यादव, नगर अध्यक्ष  घनश्याम तुरी, विजय यादव , शंकर दयाल यादव सीपीएम के जिला सचिव असीम सरकार, माले के जिला सचिव राजेन्द्र मेहता, सीपीआई के जिला सचिव अर्जुन यादव ने मुख्य रूप से संबोधित किया.

लेखक के बारे में

By Kumar Ramesham

Kumar Ramesham is associated with Samridh Jharkhand and actively covers local news, public issues, social developments, and important updates from Jharkhand and nearby regions. He focuses on delivering timely, factual, and community-centered reporting with an emphasis on accuracy and reliability.

Read More