Hazaribag News: 20 फरवरी को कुंभ स्नान कर लौट रहे श्रद्धालुओं की गाड़ी हुई थी दुर्घटनाग्रस्त
-1024x614.jpg)
हजारीबाग: जिले के कटकमसांडी प्रखंड के कनसार से प्रयागराज कुंभ स्नान करने निकले तीर्थ यात्रियों की गाड़ी 20 फरवरी को अयोध्या दर्शन कर वापस लौटने के समय उत्तर प्रदेश के जिला जौनपुर के बदलापुर में दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इस दुर्सघटना में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी जबकि तीन लोगों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मरने वालों में चार कनसार, एक नवादा, एक बड़कागांव, एक सिलवार जबकि एक सलगांवा का रहने वाला गाड़ी चालक शामिल है।
प्रयागराज से संगम स्नान कर लौट रहे 7 लोगों का शव लगभग 48 घंटे के बाद हजारीबाग पहुंचा जहां शव पहुंचने के साथ ही पूरे गांव में मातम सा छा गया। जैसे ही यह सूचना मिली कि शव गांव पहुंचा है आस पास के लोगों का हुजूम मृतक के घर के आसपास जमा होने लगा। जब एक ही घर से पिता और पुत्र की अर्थी एक साथ उठी तो पूरा माहौल गमगीन हो गया। पड़ोसी मतिया देवी का शव कुछ देर बाद घर से निकला तथा एक साथ तीन-तीन शव शमशान घाट में पहुंचा । इस दौरान पूरे गांव के लोग पीड़ित परिवार के साथ खड़े नजर आए जबकि पिछले दो दिनों से किसी के घर में चूल्हा नहीं जला। परिवार वालों को ढांढस देने हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल एवं सदर विधायक प्रदीप प्रसाद भी गांव पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद करने का भरोसा भी दिलाया तथा कहा की राज्य सरकार एवं उत्तर प्रदेश सरकार से मृतक के परिवार को मुआवजा के लिए जो भी प्रयास होगा वह करेंगे।
बताते चलें की कटकमसांडी के कनसार से 10 लोग कुंभ स्नान के लिए 16 फरवरी को निकले थे तथा कुंभ स्नान करने के बाद अयोध्या दर्शन कर वापस लौटने के दरमियान बीस फरवरी को श्रद्धालुओं का जत्था दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया। दुर्घटना उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के बदलापुर थाना क्षेत्र में हुआ। हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि बाकी घायल थे उन्हें गंभीर अवस्था मे इलाज के लिए वाराणसी अस्पताल में भर्ती किया गया था जहां तीन लोगों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
इस भीषण सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वालों में कनसार निवासी रंजीत यादव, आयुष यादव, धानो देवी,मतिया देवी, केसिया देवी, बेबी देवी, पवन यादव तथा सलगांवा निवासी चालक नितीश राणा शामिल है।


