रानेश्वर थाना कांड: सौतेली मां की हत्या के आरोप में पुत्र गिरफ्तार

दुमका। रानेश्वर थाना क्षेत्र के भुस्की पहाड़ी गांव में सौतेली मां की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में रानेश्वर थाना कांड संख्या 49/25, दिनांक 23 दिसंबर 2025 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार को पहाड़ी गांव निवासी सुनील मोहली (34 वर्ष), पिता स्वर्गीय समराय मोहली द्वारा रानेश्वर थाना में एक लिखित आवेदन दिया गया था। आवेदन के आधार पर पुलिस ने दिलवान मोहली (36 वर्ष), पिता स्वर्गीय समराय मोहली, निवासी भुस्की पहाड़ी (मोहली टोला), थाना रानेश्वर, जिला दुमका के विरुद्ध मामला दर्ज किया।
पुलिस के अनुसार, 21 दिसंबर की रात खाना को लेकर हुए विवाद में दिलवान मोहली का अपनी सौतेली मां संदरी मोहली (उम्र लगभग 54 वर्ष) से कहा-सुनी हो गई। गुस्से में आकर आरोपी ने धान काटने वाले हंसुआ से अपनी सौतेली मां का गला रेतकर हत्या कर दी।
मामले के अनुसंधान के क्रम में 23 दिसंबर को शाम करीब 6:30 बजे पुलिस ने आरोपी दिलवान मोहली को विधिवत गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर 24 दिसंबर 2025 को सुबह करीब 9:45 बजे ग्राम भुस्की पहाड़ी स्थित उसके घर से हत्या में प्रयुक्त लोहे का हंसुआ तथा खून लगा हुआ टी-शर्ट बरामद किया गया।
इस कार्रवाई में रानेश्वर थाना प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक बलराम कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम शामिल थी। टीम में सह अनुसंधानकर्ता सरोज प्रसाद मेहता, विशाल खलखो, अजय कुमार, सुरेश कुमार सहित हवलदार बाबूधन हेम्ब्रम और गंगा राम चौड़े शामिल थे।फिलहाल पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।


