Koderma News: मॉडर्न पब्लिक स्कूल में हर्षोल्लास व श्रद्धा भाव से मनाई गई गांधी-शास्त्री जयंती

कोडरमा: स्थानीय मॉडर्न पब्लिक स्कूल में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती बड़े ही हर्षोल्लास एवं श्रद्धा भाव के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्राचार्य जी. सी. वर्मा द्वारा दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर की गई। माल्यार्पण के पश्चात विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा गांधी जी के प्रिय भजन रघुपति राघव राजा राम का सुमधुर समूह गान प्रस्तुत किया गया, जिससे पूरा सभागार भक्तिमय हो गया।
इसके बाद विद्यालय के प्राचार्य जी. सी. वर्मा ने अपने वक्तव्य में गांधी जी के महान व्यक्तित्व को विस्तार से समझाया। उन्होंने कहा कि गांधी जी केवल एक व्यक्ति नहीं बल्कि एक विचारधारा का नाम है, उनका पूरा जीवन सत्य के प्रयोगों पर आधारित था। उन्होंने बच्चों को बताया कि गांधी जी ने सत्य और अहिंसा जैसे अस्त्रों से बिना खून बहाए देश को आजादी दिलाई। आज उनके अहिंसा और प्रेम के विचार और भी ज्यादा प्रासंगिक हो गए हैं।
प्राचार्य महोदय ने उनके विचारों के महत्व को समझाते हुए कहा कि गांधी जी सादगी में विश्वास रखते थे, स्वदेशी को बढ़ावा देते थे और कहते थे कि स्वच्छता में ही ईश्वर का वास है। हमें अपने जीवन में सच बोलना, किसी से बैर न करना और अपने आस-पास सफाई रखना चाहिए, यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने शास्त्री जी के जीवन से सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा सीखने की भी प्रेरणा दी।
तत्पश्चात विद्यालय की निदेशिका संगीता शर्मा ने अपने संबोधन में छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि गांधी जी ने हमें आत्मनिर्भर बनना सिखाया है और शास्त्री जी ने जय जवान जय किसान का जो नारा दिया वह आज भी देश की शक्ति है। उन्होंने कहा कि यदि हर बच्चा अपने कार्य स्वयं करना, बड़ों का सम्मान करना और देश की मिट्टी से प्रेम करना सीख ले तो देश स्वतः ही आगे बढ़ जाएगा। उनके विचारों को अपने जीवन में उतारना ही हम सबका कर्तव्य है।
वक्तव्यों के पश्चात कार्यक्रम को सार्थक रूप देने के लिए विद्यालय परिसर में पौधा रोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें प्राचार्य शिक्षकगण और विद्यार्थियों ने मिलकर उत्साह के साथ कई पौधे लगाए और उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया।
इसके बाद गांधी जी के स्वच्छता के सपने को साकार करने के लिए स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें प्राचार्य महोदय, शिक्षकों और बच्चों ने हाथों में झाड़ू लेकर पूरे विद्यालय परिसर और मैदान से कूड़ा-कचरा और सूखे पत्ते साफ किए। कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन विद्यालय की शिक्षिका कृति अर्यानी द्वारा किया गया और अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।


