भगवान बिरसा मुंडा जयंती एवं राज्य स्थापना दिवस पर उपायुक्त ने की प्रतिमा पर माल्यार्पण

पलामू: झारखंड राज्य स्थापना दिवस एवं धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर आज मेदिनीनगर के स्टेशन रोड स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। पलामू उपायुक्त समीरा एस. एवं पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन ने माल्यार्पण कर धरती आबा को नमन किया।
उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने बिरसा मुंडा की वीरता, त्याग और जनअधिकारों के लिए उनके संघर्ष को याद किया। उपायुक्त समीरा एस. ने कहा कि झारखंड की आत्मा उसकी जनजातीय पहचान, सांस्कृतिक विविधता और संघर्ष की गौरवशाली विरासत में बसती है। धरती आबा बिरसा मुंडा की जयंती न्याय, अधिकार और स्वतंत्रता के उनके मूल्यों को आत्मसात करने का भी संकल्प दिवस है। झारखंड अपने 25वें स्थापना मना रहा है। यह ‘झारखंड 25’ का दौर विकास, नवाचार और अनंत संभावनाओं की ओर एक निर्णायक कदम है। पलामू जिला प्रशासन जनकल्याणकारी नीतियों को धरातल पर उतारने, पारदर्शिता सुनिश्चित करने और आम जनता तक सेवाओं की सहज उपलब्धता के लिए लगातार कार्य कर रहा है।
पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन ने भी राज्य स्थापना दिवस पर पलामूवासियों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने सभी से राज्य निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। माल्यार्पण कार्यक्रम के मौके पर जिला परिषद उपाध्यक्ष आलोक कुमार सिंह, उप विकास आयुक्त जावेद हुसैन, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी नीता चौहान, नियोजन पदाधिकारी-सह- नजारत उप समाहर्ता नीरज कुमार आदि कई पदाधिकारी, कर्मचारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।


