गांधी जयंती पर मेयर प्रमिला मेहरा ने किया श्रमदान, स्वच्छता का दिया संदेश

‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत निगम पदाधिकारियों ने गांधी चौक पर चलाया स्वच्छता अभियान

गिरिडीह: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर गिरिडीह नगर निगम की मेयर प्रमिला मेहरा, उप महापौर सुमित कुमार समेत निगम के पदाधिकारियों और कर्मियों ने ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत श्रमदान किया। इस दौरान गांधी चौक स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर मेयर और उप महापौर ने माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

मेयर प्रमिला मेहरा ने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वच्छता को स्वस्थ और विकसित समाज की बुनियाद माना था। स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपने घर, आसपास के क्षेत्र, सड़क और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने तथा गंदगी नहीं फैलाने की अपील की।

स्वच्छ शहर के लिए जनभागीदारी जरूरी

उप महापौर सुमित कुमार ने कहा कि स्वच्छ शहर के निर्माण में आम नागरिकों की भागीदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों से गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने, कचरा निर्धारित स्थान पर डालने और सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा नहीं फेंकने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोगों को स्वयं स्वच्छता अपनाने के साथ दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करना चाहिए।

नियमित अभियान का हिस्सा बने श्रमदान

नगर आयुक्त विजय सिंह बिरुआ ने कहा कि गांधी जयंती के अवसर पर किया गया श्रमदान केवल एक दिन का कार्यक्रम बनकर नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे नियमित स्वच्छता अभियान का हिस्सा बनाया जाना चाहिए। सामूहिक प्रयास और जनभागीदारी से ही गिरिडीह को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ शहर बनाया जा सकता है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने और अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प भी दिलाया गया।

मौके पर उप नगर आयुक्त अब्दुस समद, सहायक नगर आयुक्त अशोक कुमार हांसदा, मंजूर आलम, अभिषेक प्रकाश, विपिन विमल टोप्पो, राजेन्द्र कुमार, राजेश सिन्हा, अमीरक प्रसाद, गौड़ी शंकर यादव, प्रशांत प्रभाकर, कपिल मोदी, सुशील सोनू, निशांत वर्मा, अमित कुमार, नवीन सिंह, आफताब, उमेश समेत बड़ी संख्या में निगम के पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।

लेखक के बारे में

By Sudhir Sinha

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More