Koderma News: शिक्षक दिवस पर सम्मानित हुए गुरुजन, विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से बांधा समां

कोडरमा : मंजुला शर्मा मेमोरियल अकादमी, डोमचांच में शनिवार को शिक्षक दिवस समारोह का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। ज्ञान, संस्कार और गुरु-शिष्य परंपरा को समर्पित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए शिक्षकों के प्रति प्रेम, सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की। पूरे विद्यालय परिसर में उत्साह और उमंग का माहौल रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के एडमिनिस्ट्रेटर आर.पी. पांडेय एवं प्रधानाचार्य ए.के. पांडेय ने महान शिक्षाविद्, दार्शनिक एवं भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया। इस दौरान उपस्थित शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने डॉ. राधाकृष्णन जी को श्रद्धापूर्वक नमन किया तथा शिक्षा के क्षेत्र में उनके अमूल्य योगदान को स्मरण किया।
समारोह को संबोधित करते हुए विद्यालय के डायरेक्टर रजनीश जी ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल विषय का ज्ञान देने वाले नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के जीवन को सही दिशा देने वाले मार्गदर्शक होते हैं। शिक्षक अपने ज्ञान, संस्कार और समर्पण से आने वाली पीढ़ी का निर्माण करते हैं। उन्होंने शिक्षकों से इसी निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते रहने का आह्वान किया।
विद्यालय के एडमिनिस्ट्रेटर आर.पी. पांडेय ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में माता-पिता के बाद शिक्षक की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। शिक्षक विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानकर उसे निखारते हैं और उन्हें सफलता की राह दिखाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने शिक्षकों का सम्मान करने तथा उनके मार्गदर्शन को जीवन में अपनाने की अपील की।
वहीं प्रधानाचार्य ए.के. पांडेय ने अपने संबोधन में कहा, “शिक्षण केवल एक पेशा नहीं, बल्कि भविष्य की पीढ़ी को गढ़ने की जिम्मेदारी है।” उन्होंने कहा कि एक शिक्षक की वास्तविक उपलब्धि केवल विद्यार्थियों के अच्छे परीक्षा परिणाम में नहीं, बल्कि उनके संस्कार, अनुशासन, चरित्र और जीवन में सफलता के रूप में दिखाई देती है।
प्रधानाचार्य ने शिक्षकों के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि “एक शिक्षक द्वारा कही गई एक छोटी-सी प्रेरणादायक बात भी किसी विद्यार्थी के जीवन की दिशा बदल सकती है।” उन्होंने सभी शिक्षकों के अथक परिश्रम, धैर्य और विद्यालय के प्रति समर्पण के लिए उनका हृदय से आभार व्यक्त किया।
उपहार देकर शिक्षकों का बढ़ाया सम्मान
शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यालय प्रबंधन की ओर से सभी शिक्षकों को उनके समर्पण, मेहनत एवं विद्यालय के प्रति योगदान के सम्मान में उपहार भेंट किए गए। प्रबंधन की ओर से मिले इस सम्मान से शिक्षकों में खुशी एवं उत्साह का माहौल रहा।
विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किए रंगारंग कार्यक्रम
समारोह को यादगार बनाने के लिए विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक, मनोरंजक एवं रचनात्मक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। गीत, नृत्य, भाषण एवं अन्य प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की। विद्यार्थियों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने समारोह में चार चाँद लगा दिए। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण अलख सिंह, राकेश रोशन, राजन मेहता, आशीष, प्रीति चौधरी, सिमरन, अमिता, रिया, राही, हुमैरा, निशा एवं अहसान अली सहित विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।


