Koderma News: गांधीजी के आदर्शों से गूंजा सेक्रेड हार्ट स्कूल, विद्यार्थियों ने लिया स्वच्छता का संकल्प

बापू की वेशभूषा में सजे नन्हे विद्यार्थियों ने आकर्षित किया सभी का ध्यान
कोडरमा: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर गुरुवार को सेक्रेड हार्ट स्कूल, झुमरी तिलैया में देशभक्ति, श्रद्धा और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। विद्यालय परिसर गांधीजी के विचारों और उनके आदर्शों से सराबोर रहा। विशेष प्रार्थना सभा में विद्यार्थियों ने बापू को याद करने के साथ उनके बताए सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य प्रमोद शर्मा ने महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। इसके बाद विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का सिलसिला शुरू हुआ। बापू की वेशभूषा में सजे नन्हे विद्यार्थियों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। उनकी वेशभूषा में गांधीजी की सादगी और व्यक्तित्व की झलक दिखाई दी।
विद्यार्थियों ने ‘रघुपति राघव राजा राम’ सहित अन्य गीतों की मनमोहक प्रस्तुति देकर पूरे वातावरण को देशभक्ति और आध्यात्मिक भाव से भर दिया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने स्वच्छता के प्रति अपनी रचनात्मक सोच को पोस्टरों के माध्यम से प्रस्तुत किया। रंग-बिरंगे पोस्टरों में स्वच्छता का महत्व और स्वच्छ भारत का संदेश स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों ने स्वच्छता की शपथ ली तथा अपने घर, विद्यालय और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर प्राचार्य प्रमोद शर्मा ने कहा कि महात्मा गांधी के विचार केवल पुस्तकों तक सीमित रखने के लिए नहीं हैं, बल्कि उन्हें अपने व्यवहार और जीवनशैली में उतारना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि गांधीजी का जीवन हमें सिखाता है कि सादगी, सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के छोटे-छोटे प्रयास भी समाज में बड़ा बदलाव ला सकते हैं। बच्चों में बचपन से ही इन मूल्यों का विकास करना जरूरी है।
उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि स्वच्छता की शुरुआत स्वयं से होती है। यदि प्रत्येक विद्यार्थी अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने की जिम्मेदारी निभाए, तो स्वच्छ और स्वस्थ भारत का सपना साकार हो सकता है।
सेक्रेड हार्ट स्कूल में आयोजित यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए केवल गांधी जयंती का उत्सव नहीं, बल्कि बापू के विचारों को समझने और उन्हें अपने जीवन में अपनाने की प्रेरणादायक पहल भी रहा।
कार्यक्रम को सफल बनाने में उप प्राचार्य प्रवीण कुमार, कोऑर्डिनेटर शगुफ्ता परवीन, आशुतोष गौतम, कामिनी सहाय, जुड गोडविन, सरोज पांडेय, विकास कुमार, सोमा पाल, कुंतल जेठवा सहित विद्यालय के सभी शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा।


