Giridih News: हस्तकरघा साड़ी निर्माण प्रशिक्षण से स्वावलंबी बनेंगी महिलाएं, दूसरे बैच का शुभारंभ

स्वावलंबी साड़ी संगम परियोजना के तहत 30 महिलाओं को दिया जाएगा 20 दिनों का प्रशिक्षण
गिरिडीह: नाबार्ड के सौजन्य से आइडिया (इंस्टीट्यूट फॉर डेवलपमेंट, एम्पावरमेंट एंड अवेयरनेस), गिरिडीह द्वारा जिले के आकांक्षी प्रखंड जमुआ की बेरहाबाद पंचायत के ग्राम बेरहाबाद में बुधवार, 30 सितंबर 2026 को “स्वावलंबी साड़ी संगम” परियोजना के तहत हस्तकरघा साड़ी निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम के दूसरे बैच का शुभारंभ किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम 30 सितंबर से 31 अक्टूबर 2026 तक संचालित होगा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन जेएसएलपीएस गिरिडीह के डीपीएम जेवियर एक्का, नाबार्ड के डीडीएम हरिहरन सीवी, जेएसएलपीएस जमुआ के बीपीएम प्रमोद झा, बेरहाबाद पंचायत की मुखिया सोनी देवी, आइडिया की प्रोग्राम को-ऑर्डिनेटर खुशी शर्मा एवं सामाजिक कार्यकर्ता खुर्शीद अनवर हादी ने संयुक्त रूप से किया।
मुख्य अतिथि जेएसएलपीएस डीपीएम जेवियर एक्का ने प्रशिक्षणार्थी महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि वे पूरी लगन, मेहनत और समर्पण के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करें। प्रशिक्षण के दौरान सीखी गई तकनीकों और कौशल का उपयोग भविष्य में स्वरोजगार शुरू करने तथा घर बैठे आमदनी बढ़ाने के लिए करें।
उन्होंने महिलाओं से कहा कि सबसे पहले अपने लिए एक-एक साड़ी तैयार करें और उसे पहनकर उसके उत्पाद की मार्केटिंग करें, ताकि साड़ी निर्माण के साथ बाजार की समझ भी विकसित हो सके।
नाबार्ड गिरिडीह के डीडीएम हरिहरन सीवी ने कहा कि हस्तकरघा साड़ी निर्माण प्रशिक्षण से ग्रामीण महिलाओं में आत्मनिर्भरता बढ़ेगी। इसके माध्यम से महिलाएं अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेंगी।
जेएसएलपीएस जमुआ के बीपीएम प्रमोद झा ने कहा कि “स्वावलंबी साड़ी संगम” जैसी पहल ग्रामीण महिलाओं को पारंपरिक कौशल से जोड़ते हुए आजीविका के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से प्रशिक्षण का पूरा लाभ उठाने और गुणवत्तापूर्ण उत्पाद तैयार करने पर जोर दिया।
30 महिलाओं को दिया जाएगा प्रशिक्षण
बेरहाबाद पंचायत की मुखिया सोनी देवी ने कहा कि साड़ी निर्माण प्रशिक्षण से पंचायत की महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त होंगी। उन्होंने महिलाओं को साड़ी निर्माण के क्षेत्र में हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
परियोजना के तहत दूसरे बैच में कुल 30 महिलाओं को 20 दिनों तक साड़ी निर्माण का प्रशिक्षण दिया जाएगा। बिहार के भागलपुर से आए मास्टर ट्रेनर विश्वनाथ शाह प्रशिक्षणार्थियों को साड़ी निर्माण से जुड़े विभिन्न तकनीकी एवं व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी देंगे। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के बाद महिलाएं स्वयं साड़ी निर्माण कर आय का स्थायी साधन विकसित कर सकेंगी।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने महिलाओं को प्रशिक्षण के प्रति गंभीर रहने, नियमित रूप से प्रशिक्षण में भाग लेने और सीखे गए कौशल को व्यावहारिक रूप से अपनाने के लिए प्रेरित किया। प्रशिक्षण का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को साड़ी निर्माण के कौशल से प्रशिक्षित कर उन्हें स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाना है।
आइडिया संस्था की प्रोग्राम को-ऑर्डिनेटर खुशी शर्मा ने बताया कि “स्वावलंबी साड़ी संगम” परियोजना के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को कौशल विकास, आजीविका संवर्धन एवं उद्यमिता से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इसका उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाकर आत्मनिर्भर बनाना है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में सीआरपी हसीना खातून, मुंद्रिका देवी, कौशल्या देवी, सुनीता देवी, बबीता देवी, कलावती देवी, सुमित्रा देवी, हेमंती देवी, सोनी देवी, रिंकू देवी, लक्ष्मी देवी, अनिता देवी, जयंती देवी, रानी देवी, पिंकी देवी, गुड़िया देवी, रेखा देवी सहित कुल 30 प्रशिक्षणार्थी शामिल हो रही हैं।


