Koderma News: वृद्धा आश्रम में मेडिको विधिक जागरूकता शिविर सह मेडिकल चेक अप कैंप का आयोजन

कोडरमा: झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार रांची के निर्देश के आलोक में जिला विधिक सेवा प्राधिकार कोडरमा के तत्वावधान में झुमरीतिलैया स्थित वृद्धाश्रम में रह रहे वरिष्ठ नागरिकों के लिए मेडिको विधिक जागरूकता शिविर सह मेडिकल चेकअप कैंप का आयोजन किया गया. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार बाल कृष्ण तिवारी ने कहा कि वरिष्ठ नागरिको का सम्मान करना हम सभी नागरिको का नैतिक कर्तव्य है. उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिको के अधिकारों का हनन नहीं हो तथा उनके मौलिक अधिकार संरक्षित रह सके इसके लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकार कृत संकल्पित है.
उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति अपने माता पिता एवं बुजुर्गो का सम्मान किए बिना किसी भी क्षेत्र में आगे नहीं बढ़ सकता तथा बुजुर्गो का सम्मान कर प्राधिकार खुद को गौरवान्ति महसूस कर रहा है. नई पीढ़ी को बुजुर्गो का सम्मान करना चाहिए. उनके द्वारा दिए मार्गदर्शन को अपनाना चाहिए साथ ही उनके हर छोटी बड़ी चीजो का ध्यान रखना चाहिए. अपने संबोधन में प्राधिकार के सचिव गौतम कुमार ने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकार बुजुर्गो के हक़ एवं अधिकार के लिए निशुल्क विधिक सेवा प्रदान करने हेतु सदैव तत्पर है. उन्होंने कहा कि वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों की सुख सुविधा का ध्यान रखते हुए उन्हें हर संभव सहायता देने की पूरी कोशिश करेगा.

इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग कोडरमा की ओर से सभी बुजुर्गों का मेडिकल जाँच किया गया तथा प्रधान जिला जज ने वहा उपस्थित चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को सभी बुजुर्गो के स्वास्थ्य की नियमित जांच करने एवं उन्हें दवा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए. इस अवसर पर प्रधान जिला जज ने वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और वहा की पूरी व्यवस्था की जांच की. प्रधान जिला जज ने राजीव गाँधी मेमोरियल ट्रस्ट को वृद्धाश्रम की व्यवस्था संचालित करने के लिए बधाई दी. मौके पर ए.सी.एम.ओ. डॉ. रणजीत कुमार, डॉ. मनोज कुमार, डॉ. आर. पी. शर्मा, राजीव गाँधी मेमोरियल ट्रस्ट के सचिव मोती लाल एवं न्यायालय कर्मी रणजीत कुमार सिंह, संतोष कुमार आदि मौजूद थे.


