Palamu News: छत्तरपुर नगर पंचायत बोर्ड बैठक में विकास के 22 महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित

पलामू: छत्तरपुर नगर पंचायत की सामान्य बोर्ड बैठक नगर पंचायत सभागार में अध्यक्ष अरविन्द कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में नगर के समग्र विकास से जुड़े 22 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई और सर्वसम्मति से सभी प्रस्तावों को पारित किया गया। बैठक में शहर की स्वच्छता, सौंदर्यीकरण, जलनिकासी, आधारभूत संरचना और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक के बाद नगर अध्यक्ष अरविन्द कुमार गुप्ता ने कहा कि छतरपुर को सुंदर, समृद्ध और सुदृढ़ नगर बनाना उनका लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि यह लक्ष्य केवल नगर पंचायत के प्रयास से नहीं, बल्कि आम जनता की सक्रिय भागीदारी और सहयोग से ही पूरा किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत की पूरी टीम शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इन योजनाओं पर बनी सहमति
बैठक में स्वच्छ भारत मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन, स्वयं सहायता समूहों की गतिविधियों को बढ़ावा देने, मुख्य सड़कों के सौंदर्यीकरण, शहर से मंदेया नदी तक बड़े नाले के निर्माण, कर्मा डैम में निर्माणाधीन ग्रीन जोन को गति देने समेत कई महत्वपूर्ण विषयों पर निर्णय लिया गया। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के लाभुकों के भुगतान, यूसीएफ के तहत योजनाओं, नगर भवन सह विवाह मंडप निर्माण, बस स्टैंड एवं दुकानों के निर्माण, बारा तालाब के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण, तिरंगा लाइट की मरम्मत, टास्क फोर्स के सुदृढ़ीकरण, अतिक्रमण हटाने, होल्डिंग टैक्स वसूली में तेजी, खराब सफाई वाहनों की मरम्मत, सभी वार्डों में साइन बोर्ड लगाने तथा अर्बन हेल्थ सेंटर से जुड़े प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई। इस मौके पर ‘कैच थे रेन’ के अंतर्गत आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता के प्रतिभागियों को भी बोर्ड की बैठक में सम्मानित किया गया
कर्मियों को जिम्मेदारी से कार्य करने का निर्देश
नगर अध्यक्ष अरविन्द कुमार गुप्ता ने नगर पंचायत के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी कर्मी अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन करें। उन्होंने कहा, “नगर पंचायत के सभी कर्मी अपनी जिम्मेदारीपूर्वक कर्तव्य का पालन करें। किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।” उन्होंने जनहित से जुड़े कार्यों में अनावश्यक विलंब नहीं करने और नागरिकों की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।
हर वार्ड के सौंदर्यीकरण पर जोर
उपाध्यक्ष मंजीत कुमार यादव ने सभी वार्डों में साइन बोर्ड लगाने तथा प्रत्येक वार्ड के सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान देने की बात कही। उन्होंने कहा कि नगर के विकास की योजनाओं का लाभ सभी वार्डों तक समान रूप से पहुंचना चाहिए।
कार्यपालक पदाधिकारी फैज़ुर रहमान अंसारी ने भी कहा कि नगर के विकास के लिए नियमानुसार सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे और बोर्ड द्वारा पारित योजनाओं के क्रियान्वयन में प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। बैठक में सभी वार्ड पार्षद नगर प्रबंधक मुर्तुजा अंसारी, सहित नगर पंचायत के विभिन्न विभागों के कर्मी एवं संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।


