दुमका प्रखंड के मसानजोर में एसपीटी एक्ट की धज्जियां उड़ाते हुए की जा रही है खास जमीन की खरीद-फरोख्त 

Land

 रानीश्वर, दुमका से गौतम चटर्जी की रिपोर्ट 

दुमका : सदर अंचल दुमका के मसानजोर में संताल परगना काश्तकारी कानून को धता बताकर अन्य जिला एवं राज्यों के भूमाफियाओं ने सरकारी जमीन पर कब्जा कर रखा है। एसपीटी एक्ट के कस्टोडियन इस विषय को लेकर उदासीन बने हुए हैं। रानिबहाल पंचायत के सुकुमार मिर्धा, अधीर मिर्धा, रोहित मिर्धा ने मसानजोर के थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर दुमका- सिउड़ी मुख्य पथ के किनारे सुरुचि गेस्ट हाउस संलग्न खास जमीन के चहारदीवारी को तोड़ने पर रोक लगाने की गुहार लगाते हुए कहा है कि संबंधित जमीन पर पश्चिम बंगाल के सिउड़ी निवासी द्वारिका टेकरीवाल नामक एक ठेकेदार ने अवैध रूप से कब्जा कर चहारदीवारी का निर्माण करा कर दखल कब्जा कर लिया है। 

जानकारी के अनुसार यहां नारातला एवं पांजनपाहाड़ी दोनों प्रधानी मौजा हैं। संताल परगना काश्तकारी कानून में ग्राम प्रधान उस मौजा की जमीन का कस्टोडियन होता है जो रैयतों से जमीन का लगान वसूली करता है। ग्राम प्रधान को जमीन का पट्टा बंदोबस्त करने का अधिकार है, परन्तु जमीन की बंदोबस्ती उस मौजा के रैयत को किया जा सकता है। यहां नियम के विरुद्ध अन्य राज्य के ठेकेदार को जमीन का काबिल लगान पट्टा निर्गत कर दिया गया है। 

अस्सी के दशक में तत्कालीन प्रमंडलीय आयुक्त बेक जूलियस ने यहां के सभी काबिल लगान पट्टा को रद्द करने का आदेश दिया था। काश्तकारी कानून के रक्षक अनुमंडल पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी ने उस आदेश को आज तक क्रियान्वित नही किया है। पता चला है कि रानिबहाल एवं आसपास के कई सफेदपोशों की मिलीभगत से बाहर के भूमाफियाओं द्वारा उस बेशकीमती सरकारी खास जमीन की चहारदीवारी को तोड़ कर कब्जा किया जा रहा है। 

कई महीना पूर्व सफेदपोशों ने यहां उस चहारदीवारी के भीतर के हरे भरे कीमती इमारती पेड़ काट लिए थे। डीएफओ दुमका ने उक्त लकड़ी को जब्त कर वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया था। भूमाफिया ने उस खास जमीन को क्रय करने का दावा किया है।जबकि गैर हस्तांतरित मौजा की उस खास जमीन की खरीद-बिक्री करने का कोई प्रावधान नहीं है। दूसरी ओर यहां उस विवादित जमीन को आसानबनी गांव के एक भाजपा कार्यकर्ता गाटू कनानिया ने सिउड़ी बीरभूम के ठेकेदार द्वारिका टेकरीबल एवं रानीबहाल के एक व्यक्ति ने बोलपुर पश्चिम बंगाल के होटल कारोबारी गणेश घोष को मोटी राशि लेकर बेच दिया है।रानीबहाल गांव के रोहित मिर्धा ने जमीन गणेश को एक सौ साल की लीज दिखाया है। यहां उल्लेखनीय है कि एसपीटी एक्ट में जमीन लीज देने की प्रावधान नहीं है। सूत्र के अनुसार मसानजोर डैम निर्माण के समय उस जमीन को मयूराक्षी पुर्नवास योजना के तहत एम आर ओ ने अधिग्रहण कर लिया है। यहां जमीन के अवैध लीज के नाम पर अधिग्रहण के पूर्व का रिकॉर्ड दिखाकर गोरखधंधा किया गया है।

लेखक के बारे में

By Rahul Singh

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More