Hazaribagh News: पनीमाको जंगल से फिटर अपहरण कांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

हजारीबाग: थाना क्षेत्र के पनीमाको जंगल से मजदूरी के लिए पहाड़पुर जा रहे एक फिटर के अपहरण मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से अपहरण के दौरान मांगी गई फिरौती की रकम में से कुल 4500 रुपये तथा घटना में प्रयुक्त चितकबरा टी-शर्ट बरामद किया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 10 सितंबर 2026 को वादी पंचम महतो ने टाटीझरिया थाना में लिखित आवेदन देकर बताया था कि वह लेबर लाने के लिए पहाड़पुर जाने के क्रम में 9 सितंबर की शाम पनीमाको जंगल के पास पहुंचा था।
इसी दौरान अज्ञात आरोपियों ने उसके साथ काम करने वाले फिटर रामलाल हांसदा का कथित रूप से अपहरण कर लिया। आरोपियों ने उसे छोड़ने के एवज में पैसे की मांग की। इसके बाद 10 सितंबर की सुबह दो लाख रुपये लेकर पंचम महतो और रामलाल हांसदा को छोड़ दिया गया। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने इसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू की। वरीय पुलिस पदाधिकारी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विष्णुगढ़ के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। तकनीकी अनुसंधान और उपलब्ध सूचनाओं के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान छोटू किस्कू उर्फ घोरला, उम्र करीब 30 वर्ष, पिता लोथरी किस्कू, ग्राम बड़कीटांड़, थाना पचम्बा, जिला गिरिडीह तथा रामलाल हांसदा, उम्र करीब 28 वर्ष, पिता महादेव हांसदा, ग्राम अलखरी कला, थाना विष्णुगढ़, जिला हजारीबाग के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी छोटू किस्कू उर्फ घोरला का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ पचम्बा थाना, जिला गिरिडीह में वर्ष 2024 में मामला दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
4500 रुपये और टी-शर्ट बरामद
पुलिस ने बताया कि तकनीकी अनुसंधान के आधार पर घटना के समय पहने गए चितकबरा टी-शर्ट की निशानदेही पर उसे बरामद किया गया। वहीं, आरोपी की निशानदेही पर वादी पक्ष के परिजन से लिए गए पैसे में से 2500 रुपये तथा दूसरे आरोपी की निशानदेही पर 2000 रुपये, यानी कुल 4500 रुपये बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार, घटना में शामिल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। मामले की जांच जारी है और पुलिस घटना में शामिल अन्य तथ्यों की भी पड़ताल कर रही है।
छापेमारी दल में शामिल अधिकारी
कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विष्णुगढ़ फैजान अहमद, विष्णुगढ़ थाना प्रभारी सुभाष सिंह, टाटीझरिया थाना प्रभारी इन्द्रजीत कुमार, चरही थाना प्रभारी कुमार अक्षयनी, दारू थाना प्रभारी मृत्युंजय कुमार सिंह, विष्णुगढ़ थाना के आशीष कुमार सिंह, दशरथ महतो सहित तकनीकी शाखा के पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी तथा टाटीझरिया थाना का सशस्त्र बल शामिल रहा।


