कोडरमा: अभ्रक खदानों से मिटी बाल मजदूरी की कालिख: प्रियंक कानूनगो

कोडरमा: जिले के डोमचांच में शुक्रवार को हुए एक समारोह में राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग के अध्यक्ष प्रियंका कानूनगो ने कहा कि झारखंड की अभ्रक खदानें अब ‘बाल श्रम मुक्त’ हो चुकी हैं। इस उपलब्धि के साथ ही राज्य की अभ्रक खदानों को बाल मजदूरी से मुक्त कराने की 20 साल की समर्पित यात्रा अब अपने मुकाम पर पहुंचने वाली है। एनसीपीसीआर ने यह भी एलान किया कि सभी बाल मजदूरों को अभ्रक खदानों से न सिर्फ मुक्ति दिलाई गई है बल्कि इन सभी का स्कूलों में दाखिला भी कराया गया है।
एनसीपीसीआर के अध्यक्ष प्रियंक कानूनगो ने राज्य, जिले, स्थानीय सरकारी निकायों, ‘बाल श्रम मुक्त अभ्रक’ कार्यक्रम, बच्चों और समुदाय के साझा प्रयासों से अभ्रक खदान आपूर्ति श्रृंखला से बाल मजदूरी के खात्मे के लिए इस प्रयास के सफल होने की घोषणा की। मौके पर एनसीपीसीआर के अध्यक्ष के अलावा इस मुद्दे पर 20 साल तक काम करने वाले बाल अधिकार कार्यकर्ता भुवन ऋभु के अलावा अन्य लोग मौजूद थे। एनसीपीसीआर के अध्यक्ष प्रियंक कानूनगो ने कहा कि मुझे यह बताते हुए हर्ष और गर्व हो रहा है कि अब ये बच्चे खदानों में नहीं, बल्कि स्कूल जा रहे हैं।
2004 में इस अध्ययन की शुरुआत करने वाले बाल अधिकार कार्यकर्ता भुवन ऋभु ने अभ्रक खदानों को बाल श्रम मुक्त बनाने की इस लंबी यात्रा को याद करते हुए कहा, “अभ्रक चुनने और खदानों में काम करने वाले 22,000 बच्चों की पहचान करना और उनका सफलतापूर्वक विद्यालयों में दाखिला कराना बाल श्रम मुक्त अभ्रक के लक्ष्य को हासिल करने में जुटी सरकार और नागरिक संगठनों के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। कार्यक्रम में मौजूद एस्टे लॉडेर कंपनीज के कार्यकारी निदेशक डेविड हिरकॉक ने कहा कि समाधान केंद्रित और बच्चों पर केंद्रित रवैये से यह सफलता मिली है।
पूरी दुनिया से बाल मजदूरी खत्म करने के लिए जरूरी है कि बच्चों की आवाज सुनी जाए, उनके अनुभव से सीखा जाए, समाधान खोजने में उनकी स्वैच्छिक सहभागिता तलाशी जाए और उस पर कार्रवाई की जाए। नवाडीह गांव की बिंदिया कुमारी ने अभ्रक खदानों में बाल मजदूरी से लेकर अपने गांव की बाल पंचायत में सचिव बनने तक की यात्रा साझा की। कार्यक्रम को कोडरमा विधायक डॉ नीरा यादव, जिला परिषद अध्यक्ष रामधन यादव, कोडरमा उपायुक्त मेघा भारद्वाज, गिरिडीह उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने भी संबोधित किया।


