Sahebganj News: अवैध खनन पर प्रशासन सख्त, डीसी ने दिए कड़ी कार्रवाई के निर्देश

साहिबगंज: उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में खनन विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त ने जिले में अवैध उत्खनन, भंडारण एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले में किसी भी सूरत में अवैध खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उपायुक्त ने सभी चेकनाकों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की सतत निगरानी, खनन चालान की गहन जांच, मालवाहक वाहनों की सघन चेकिंग तथा क्रशर इकाइयों की नियमित जांच तेज करने का निर्देश दिया। विशेष रूप से गुमानी नदी में हो रहे अवैध बालू उठाव पर कड़ी नजर रखने और छापेमारी अभियान चलाने को कहा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वैध खनन को बढ़ावा दिया जाए, पर्यावरण संरक्षण का पूरा ध्यान रखा जाए और राजस्व हितों की रक्षा सुनिश्चित की जाए। अवैध खनन में लिप्त लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया गया। बैठक में जिला खनन पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।


