Koderma News: ओवरलोड बोल्डर लदा हाइवा जब्त, चालक के पास नहीं मिले वैध कागजात

कोडरमा: जिले में अवैध खनिज परिवहन और ओवरलोड वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग ने कार्रवाई की है। मंगलवार की सुबह डोमचांच अंचल क्षेत्र के कोडरमा-गिरिडीह मुख्य मार्ग स्थित नवादा चौक के पास जिला परिवहन पदाधिकारी विजय कुमार सोनी ने जांच के दौरान ओवरलोड बोल्डर लदे एक हाइवा को जब्त किया। जानकारी के अनुसार, हाइवा संख्या जेएच 10डीए 1604 गिरिडीह की ओर से डोमचांच की तरफ जा रहा था।
नवादा चौक के समीप जांच के दौरान डीटीओ ने वाहन को रोककर चालक से बोल्डर के परिवहन से संबंधित वैध कागजात एवं चालान प्रस्तुत करने को कहा। चालक जांच के दौरान आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। वहीं, जांच में वाहन निर्धारित क्षमता से अधिक बोल्डर लदा पाया गया। इसके बाद परिवहन विभाग की टीम ने हाइवा को जब्त कर लिया। जब्त वाहन को नवलशाही थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया है। विभाग द्वारा वाहन के दस्तावेजों एवं खनिज परिवहन से संबंधित कागजात की जांच करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
जिला परिवहन पदाधिकारी विजय कुमार सोनी ने बताया कि जिले में बिना चालान, ओवरलोडिंग और अवैध खनिज परिवहन करने वाले वाहनों के खिलाफ लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। परिवहन विभाग की लगातार कार्रवाई से अवैध एवं ओवरलोड खनिज परिवहन में लगे वाहन संचालकों में हड़कंप की स्थिति है।


