कोडरमा: पत्थर लदे हाईवा के कारण सड़कें हो रही खराब

कोडरमा: मरकच्चो प्रखंड में ओवर लोड बोल्डर लदा हाइवा के परिचालन होने से ग्रामीण सड़कों का हालत खस्ता हो रहा है। इस सड़कों पर गुजरने वाले अधिकांश हाईवा में लदा बोल्डर बिना चालान के होते हैं। पुलिस और खनन विभाग के भय से ग्रामीण सड़कों पर हाइवा को चलाना वाहन मालिक सुरक्षित समझते हैं।
इस तरह के मोटी कमाई के फेर में वाहन चालक मरकच्चो बरियारडीह मुख्य मार्गों पर नहीं चलकर थाना के नावाडीह से धोबियाडीह, देवीपुर करबला होते हुए नवलशाही चमारों क्रशर मंडी पहुंच कर बोल्डर व्यापार कर जहां भारी भरकम राजस्व की चोरी कर विभाग का नुकसान कर रहे हैं। वहीं दूसरी ओर प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क पर ओवरलोड हाइवा का परिचालन से सड़कों का स्थिति जर्जर किया जा रहा है।
उक्त मार्ग का निर्माण करीब एक वर्ष पूर्व किया गया। वाहन चालक निर्धारित मार्गों पर वाहन का परिचालन नहीं कर इन ग्रामीण सड़कों पर हाइवा का परिचालन बे खौफ होकर कर रहे हैं। बावजूद पुलिस व परिवहन विभाग इन वाहनों पर कार्रवाई नहीं कर रही है। ऐसे में वाहन मालिक व चालकों के हौसले बुलंद हैं। उक्त सड़क करीब पंद्रह टन वजन तक वाहन चलना सुरक्षित बताया जाता है।
लेकिन इन ग्रामीण सड़कों पर क्षमता से अधिक 28 टन वजनी बोल्डर लदा वाहनों के चलने से उक्त सड़क की हालत जर्जर होनेे लगी है। जगह जगह सड़क पर नुकीले पत्थर निकलने लगे है। देवीपुर और आसपास के लिए ग्रामीणों के आवागमन के लिए यह महत्वपूर्ण मार्ग है।
ग्रामीणों द्वारा कई वर्षो से उक्त मार्ग को बनाने की मांग के बाद सड़क का निर्माण किया गया है। लेकिन सड़क बनने के बाद से अधिक भार वाली भारी वाहनों के परिचालन से सड़क खराब होने लगी है। ग्रामीणों ने स्थानीय पुलिस और जिला प्रशासन से समय रहते उक्त सड़क पर बोल्डर लदे हाइवा का परिचालन पर रोक लगाने की मांग की है।


