Sahibganj News: महाविद्यालय में रक्तदान शिविर, 15 यूनिट रक्त संग्रहित

एनसीसी कैडेटों और मुख्यमंत्री सारथी योजना के प्रशिक्षुओं ने लिया हिस्सा
साहिबगंज: साहिबगंज महाविद्यालय में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह, सदर अस्पताल अधीक्षक डॉ. रामदेव पासवान एवं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मोहन मुर्मू के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में कुल 15 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।
शिविर में एनएसएस के स्वयंसेवकों, एनसीसी कैडेटों तथा मुख्यमंत्री सारथी योजना के तहत एक्सल डाटा सर्विसेज के प्रशिक्षकों और प्रशिक्षुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। युवाओं ने स्वैच्छिक रक्तदान कर जरूरतमंद मरीजों की मदद का संकल्प लिया।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने कहा कि जिस तरह लोकतंत्र के लिए मतदान जरूरी है, उसी तरह जीवन की सुरक्षा के लिए रक्तदान भी महत्वपूर्ण है। पहली बार रक्तदान करने वाले युवाओं के प्रयास की सराहना करते हुए उन्होंने इसे मानवता की मिसाल बताया। उन्होंने कहा कि संग्रहित रक्त सुदूर क्षेत्रों से आने वाले गंभीर मरीजों के साथ थैलेसीमिया और एनीमिया से पीड़ित मरीजों के लिए जीवनदायी साबित हो सकता है।
प्राचार्य ने बताया कि वे स्वयं अब तक 19 बार रक्तदान कर चुके हैं। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान करने और इसके लिए अन्य लोगों को भी प्रेरित करने की अपील की।
शिविर में शालिनी कुमारी, नितेश कुमार यादव, अनुज कुमार, गणेश कुमार, अखिलेश कुमार सिंह, प्रिंसी हेंब्रम, रवि कुमार, चरण हेंब्रम, सुमन कुमार वर्मा, लालू मंडल, अलीम शेख एवं मोहित कुमार ने रक्तदान किया।
प्राचार्य ने शिविर के सफल आयोजन के लिए उपायुक्त, सदर अस्पताल अधीक्षक, स्वास्थ्य विभाग और महाविद्यालय के कर्मियों के प्रति आभार जताया।
इस दौरान अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. संजीव कुमार सिंह, अंग्रेजी विभागाध्यक्ष प्रो. मरियन हेंब्रम, एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी प्रो. कुमार प्रशांत भारती, कौशल केंद्र प्रबंधक अमित कुमार, अत्ताउल्लाह शमसी, रक्त केंद्र के विजय कुमार, शुभम गोस्वामी, रांझी कुमारी, चालक विजय रूज, एक्स-कैडेट शंकर कुमार यादव सहित कई कर्मी मौजूद रहे।


