Dumka News: रामगढ़-गुहियाजोरी मार्ग पर केला लदा ट्रक पलटा, चालक बाल-बाल बचा

रामगढ़: रामगढ़-गुहियाजोरी मुख्य मार्ग पर कोआम एवं ढोलपाथर के बीच सोमवार की सुबह करीब चार बजे एक केला लदा ट्रक (WB 51 C 3788) अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। दुर्घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में चालक समेत किसी अन्य व्यक्ति को चोट नहीं आई और किसी प्रकार की जान-माल की बड़ी क्षति नहीं हुई। दुर्घटना में ट्रक क्षतिग्रस्त हो गया।
चालक रासेल मंडल ने बताया कि वह पश्चिम बंगाल के करीमपुर से ट्रक में केला लादकर गोड्डा जा रहा था। सोमवार तड़के जब वह ढोलपाथर और कोआम के बीच पहुंचा, उसी दौरान सड़क के एक तीखे एवं घुमावदार मोड़ पर सामने से एक कोयला लदा हाइवा आ गया। चालक के अनुसार हाइवा के अचानक गलत दिशा से आने के कारण उसे ट्रक को संभालने का पर्याप्त मौका नहीं मिला।
सामने से आ रहे वाहन से बचने के प्रयास में केला लदा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया।ट्रक के पलटते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। लोगों ने चालक को सुरक्षित बाहर निकलने में मदद की। इसके बाद घटना की जानकारी रामगढ़ थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना स्थल का जायजा लिया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक की स्थिति का निरीक्षण करने के साथ उसके आवश्यक कागजातों की जांच की। वहीं दुर्घटना के कारण सड़क पर यातायात प्रभावित न हो, इसे लेकर भी स्थिति का जायजा लिया गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उक्त स्थान पर सड़क का मोड़ काफी तीखा और घुमावदार है, जिसके कारण सामने से आने वाले वाहनों को लेकर चालकों को विशेष सावधानी बरतनी पड़ती है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि मुख्य मार्ग पर भारी वाहनों का लगातार आवागमन रहता है। ऐसे में तीखे मोड़ वाले स्थानों पर वाहनों की गति नियंत्रित नहीं रहने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। लोगों ने संबंधित विभाग से ऐसे संवेदनशील मोड़ों पर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था एवं संकेतक लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। फिलहाल पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है। दुर्घटना में किसी के हताहत नहीं होने से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।


