Palamu News: बालिका अपहरण कांड में तीन आरोपी गिरफ्तार, बच्ची सकुशल बरामद
-1024x614.jpg)
पलामू: 3 वर्षीय बच्ची के अपहरण मामले में पलामू पुलिस ने 24 घंटे के अंदर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. मामले का उद्भेदन करते हुए पलामू पुलिस द्वारा बताया गया कि बीते शुक्रवार (01 नवंबर) को नावाबाजार थाना अंतर्गत ग्राम चेचरिया निवासी करेश भुईया (उम्र- 60 वर्ष, पिता- चनर भुईया) ने अपनी 3 वर्षीय पोती के गायब होने की सूचना दी थी. आवेदक करेश भुईया द्वारा संदेह व्यक्त किया गया कि गांव के ही तीन व्यक्तियों –सुदय भुईया, शंकर राम एवं उनके एक अन्य साथी द्वारा बालिका का अपहरण कर उसे बेचने की मंशा हो सकती है. इस संदर्भ में नावाबाजार थाना कांड संख्या- 77/24 के तहत मामला दर्ज किया गया.
अनुसंधान के दौरान, अभियुक्त सुदय भुईया एवं शंकर राम ने अपने साथी राजू भुईया (पता- लोहराही, थाना- छतरपुर) के साथ मिलकर बालिका का अपहरण करने की बात स्वीकार की. तकनीकी शाखा और गुप्त सूचना के आधार पर, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बीते शनिवार (02 नवंबर) को ग्राम तुलबुला, थाना- नावाबाजार के जंगल से अभियुक्त राजू भुईया के पास से बालिका को सकुशल बरामद कर लिया.


