Sahibganj News: अब स्कूल में ही बनेगा और सुधरेगा आधार कार्ड, 26 सितंबर से 15 अक्टूबर तक विशेष शिविर

विद्यार्थियों के आधार में नाम, जन्मतिथि, पता समेत अन्य त्रुटियों का होगा सुधार, नए आधार का भी होगा पंजीकरण
साहिबगंज: जिले के छात्र-छात्राओं को आधार से जुड़ी सेवाएं उनके विद्यालय में ही उपलब्ध कराने और आधार संबंधी त्रुटियों का त्वरित समाधान करने के लिए विशेष अभियान शुरू किया गया है। यह अभियान 26 सितंबर से 15 अक्टूबर 2026 तक चलेगा।
जिला परियोजना पदाधिकारी (यूआईडी) संदीप कुमार ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के आधार से जुड़े मामलों का समयबद्ध निपटारा करना और आधार सेवाओं को सहज एवं सुगम बनाना है। विद्यालय स्तर पर शिविर आयोजित होने से बच्चों और अभिभावकों को दूर स्थित आधार केंद्रों के चक्कर लगाने से राहत मिल रही है। इससे उनके समय और संसाधनों की भी बचत होगी।
निर्धारित कार्यक्रम के तहत सोमवार को मध्य विद्यालय सकरीगली, तालझारी; उत्क्रमित मध्य विद्यालय मेहंदी, तालझारी; उत्क्रमित मध्य विद्यालय भानु टोला, तालझारी; उच्च विद्यालय फुदकीपुर, उधवा; उत्क्रमित उच्च विद्यालय मोती पहाड़ी, बोरियो; उत्क्रमित उच्च विद्यालय बांझी, बोरियो; उत्क्रमित उच्च विद्यालय मसानिया, मंडरो और प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय, राजमहल में विशेष शिविर आयोजित किए गए।
नाम और जन्मतिथि समेत विवरण में होगा सुधार
शिविरों में विद्यार्थियों के आधार कार्ड में दर्ज नाम, जन्मतिथि, पता और अन्य विवरणों में त्रुटियों का सुधार किया जा रहा है। इसके अलावा जिन विद्यार्थियों का अभी तक आधार कार्ड नहीं बना है, उनका नया पंजीकरण भी किया जा रहा है।
जिला परियोजना पदाधिकारी ने विद्यार्थियों और अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने संबंधित विद्यालय में निर्धारित तिथि पर आयोजित होने वाले शिविर का लाभ उठाएं और आधार से जुड़े लंबित कार्यों का समय पर निपटारा कराएं।


