Dumka News: दुमका-भागलपुर मुख्य मार्ग पर बस और स्कूटी की जोरदार टक्कर, बड़ा हादसा टला

दुमका: दुमका-भागलपुर मुख्य मार्ग पर हंसडीहा थाना क्षेत्र अंतर्गत नोनीहाट स्थित पातालगंगा के समीप रविवार को एक बस और स्कूटी के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में स्कूटी का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि गनीमत यह रही कि स्कूटी सवार को गंभीर चोट नहीं आई और एक बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक यात्री बस नोनीहाट से दुमका की ओर जा रही थी।
उसी दिशा में एक स्कूटी सवार भी पीछे-पीछे जा रहा था। पातालगंगा के समीप यात्रियों को बैठाने के उद्देश्य से बस चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। ब्रेक लगते ही पीछे से आ रही स्कूटी अनियंत्रित हो गई और सीधे बस से जा टकराई।टक्कर इतनी तेज थी कि स्कूटी का अगला भाग पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय निवासियों की मदद से स्कूटी सवार को सुरक्षित निकाला गया और सड़क पर बाधित हुए यातायात को सामान्य कराया गया।

