Koderma News: मतदाता सूची और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर कांग्रेस ने उठाए गंभीर सवाल

कोडरमा में मीडिया को संबोधित करते प्रदेश प्रवक्ता मनोज कुमार, मनीष राज और जिलाध्यक्ष प्रकाश रजक।

कोडरमा: विशेष गहन पुनरीक्षण मतदाता सूची में किए जा रहे बदलाव तथा निर्वाचन आयोग की आईटी प्रणाली और डेटा प्रबंधन को लेकर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं। इन मुद्दों को लेकर रविवार को कोडरमा में कांग्रेस की ओर से प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इसमें झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रवक्ता मनोज कुमार, प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट मनीष राज और कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रकाश रजक ने अपनी बातें रखीं। प्रदेश प्रवक्ता मनोज कुमार ने कहा कि निर्वाचन आयोग देश की महत्वपूर्ण संवैधानिक संस्था है।

ऐसे में उसकी कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, निष्पक्षता और जवाबदेही सुनिश्चित होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि एसआईआर के दौरान मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने या संशोधन की प्रक्रिया में यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि किसी भी पात्र नागरिक का मताधिकार प्रभावित न हो। एसआईआर और मतदाता सूची को लेकर उठ रहे सवालों पर निर्वाचन आयोग को स्पष्ट और तथ्यात्मक जवाब देना चाहिए।

प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट मनीष राज ने कहा कि मतदाता सूची में बदलाव के साथ निर्वाचन आयोग की आईटी प्रणाली और डेटा प्रबंधन से जुड़े पहलुओं की भी स्वतंत्र एवं व्यापक समीक्षा होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया से जुड़ी तकनीकी व्यवस्था पारदर्शी, सुरक्षित और जवाबदेह होनी चाहिए, ताकि मतदाताओं के बीच किसी प्रकार का संदेह न रहे। कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रकाश रजक ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यप्रणाली को लेकर सामने आए सवालों का उल्लेख करते हुए कहा कि निर्वाचन आयोग को बिना किसी राजनीतिक दबाव के स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से अपनी संवैधानिक जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया लोकतंत्र की बुनियाद हैं। इसलिए इनसे जुड़े किसी भी सवाल का जवाब निर्वाचन आयोग को जनता के सामने रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम उचित प्रक्रिया, सत्यापन तथा आपत्ति और सुनवाई का प्रभावी अवसर दिए बिना प्रभावित नहीं होना चाहिए। प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि हालिया रिपोर्टों में निर्वाचन आयुक्तों द्वारा पिछले दस महीनों के दौरान चुनाव प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न निर्णयों पर कम से कम 14 बार औपचारिक आपत्ति दर्ज किए जाने की बात सामने आई है।

कांग्रेस के अनुसार, इन आपत्तियों में मतदाता पंजीकरण, मतदाता सूची से नाम हटाने, एसआईआर तथा निर्वाचन संबंधी आईटी व्यवस्था और डेटा के केंद्रीकरण जैसे विषय शामिल बताए गए हैं। कांग्रेस नेताओं ने इन सभी विषयों की स्वतंत्र और व्यापक समीक्षा की मांग की। उन्होंने कहा कि पार्टी इन मुद्दों को लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से जनता के सामने रख रही है। मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा और निर्वाचन प्रक्रिया में जनता का विश्वास बनाए रखना जरूरी है।

28 सितंबर को निकलेगा प्रतिवाद मार्च

प्रेस वार्ता में बताया गया कि इन मुद्दों को लेकर 28 सितंबर को सुबह 11:30 बजे अंबेडकर पार्क, कोडरमा से प्रतिवाद मार्च निकाला जाएगा। मार्च जिला समाहरणालय पहुंचेगा, जहां कोडरमा उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। ज्ञापन में एसआईआर एवं मतदाता सूची में किए गए बदलावों की स्वतंत्र समीक्षा, निर्वाचन आयोग की आईटी प्रणाली और डेटा प्रबंधन की समीक्षा तथा चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की जाएगी। प्रेस वार्ता में राजेंद्र जायसवाल, सुभाष सिंह यादव, अशरफ अली, फैयाज कैसर, बेबी सिन्हा, संजय सेठ, राजू सिंह, कयूमुद्दीन, सोनू वारसी, चांद आलम, संजय शर्मा, असगर अली सहित अन्य कांग्रेसजन मौजूद थे।

लेखक के बारे में

By Kumar Ramesham

Kumar Ramesham is associated with Samridh Jharkhand and actively covers local news, public issues, social developments, and important updates from Jharkhand and nearby regions. He focuses on delivering timely, factual, and community-centered reporting with an emphasis on accuracy and reliability.

Read More