नीट यूजी 2022 : रांची के 10 केंद्रों पर कल आयोजित होगी नीट की परीक्षा

रांची : नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा आयोजित की जाने वाली देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट- अंडर ग्रेजुएट यानी नीट-यूजी का आयोजन देशभर में 17 जुलाई, रविवार को होगा। परीक्षा पूरी तरह से पेन एंड पेपर मोड पर आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा एमबीबीएस, बीडीएस, बीएचएमएस, बीवायएमएस, बीयूएमएस, बीवीएससी एवं चयनित बीएससी नर्सिंग कॉलेज के पाठ्यक्रमों की करीब एक लाख 40 हजार सीटों के लिए होगी। इन सीटों के लिए करीब 18 लाख दावेदार मैदान में हैं।
इधर, राजधानी रांची के 10 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके लिए रांची में 10 केंद्र बनाए गए हैं। इनमें डीपीएस रांची, डीएवी बरियातू, डीएवी हेहल, डीएवी कपिलदेव, डीएवी धुर्वा, टेंडर हार्ट, विवेकानंद पब्लिक स्कूल, लोयला कान्वेंट, कैंब्रियन स्कूल और आर्मी स्कूल हैं। उल्लेखनीय है कि इस बार राजधानी के लगभग आठ हजार विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
परीक्षा केंद्र पर प्रवेश 11 बजे से शुरू हो जाएगा और 1.30 बजे तक चलेगा। सभी परीक्षार्थियों को एडमिट कार्ड पर अंकित कर अलग-अलग रिपोर्टिंग टाइम दिया गया है, इसी के अनुसार परीक्षा केंद्र पहुंचे, ताकि सोशल डिस्टेंसिंग मेंटेन रहे और परीक्षा केंद्र पर भीड़ नहीं हो।
प्रतिष्ठित मेडिकल कॉलेज में प्रवेश भी इसी परीक्षा के माध्यम से होंगे। इस वर्ष एनटीए द्वारा जारी की गाइडलाइन के अनुसार नीट यूजी परीक्षा मेन ओएमआर शीट तथा ओएमआर शीट की ऑफिस कॉपी दोनों ही इनविजिलेटर को परीक्षा समाप्त होने के बाद जमा करानी होगी, जो मेन ओएमआर शीट के साथ एनक्लोज होती है। एग्जाम खत्म होने के बाद में एडमिट कार्ड तथा पोस्टकार्ड साइज फोटो वाला पर्फोर्मा भी एग्जामिनर को देना होगा।


