गिरिडीह : संगीनों के साए में मनाया गया सुंदर मरांडी का शहादत दिवस, पत्रकार रूपेश ने उठाया सवाल

गिरिडीह : झारखंड के गिरिडीह जिले के खुखरा थाना क्षेत्र के चतरो गांव में सोमवार को संस्कृतिकर्मी सुंदर मरांडी का शहादत दिवस मनाया गया। इस आयोजन में स्वतंत्र पत्रकार रूपेश कुमार सिंह, प्राध्यापिका व महिला अधिकार कार्यकर्ता रजनी मुर्मू व मजदूरों के लिए काम करने वाले बच्चा सिंह, अंजनी विशु आदि लोग पहुंचे थे। झारखंड एवेन के संस्थापक सदस्य कामरेड सुंदर मरांडी के शहादत दिवस कार्यक्रम के दौरान सीआरपीएफ जवानों के पहुंचने से दोनों पक्षों के के बीच बहस भी हुई।

पत्रकार रूपेश कुमार सिंह ने शांतिपूर्ण आयोजन में सुरक्षा बलों की मौजूदगी आदिवासी क्षेत्र में टेरर की संज्ञा दी। उन्हांेने अपने ट्विटर एकाउंट पर लिखा, आदिवासी क्षेत्र में स्टेट टेरर क्या होता है, इसे आज मैंने पहली बार अपनी आंखों से देखा। इस आयोजन में झारखंड क्रांतिकारी मजदूर यूनियन, आदिवासी मूलवासी विकास मंच के प्रतिनिधि व स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि मौजूद थे।


रूपेश के अनुसार, जब वे लोग कार्यक्रम स्थल पर जा रहे थे तो कार्यक्रम स्थल से 1 किलोमीटर पहले से ही लगभग 500 मीटर तक सड़क के किनारे सीआरपीएफ के जवान तैनात थे। कार्यक्रम प्रारंभ होने के साथ ही सीआरपीएफ के खुफिया विभाग के 4 व्यक्ति सिविल ड्रेस में कार्यक्रम का वीडियो बनाने लगे और कार्यक्रम में आए अतिथियों का तस्वीर लेने लगे। रूपेश के अनुसार, उद्घाटन वक्तव्य की शुरुआत करते हुए उन्होंने कहा कि सीआरपीएफ के बंदूक के साये में आयोजित कार्यक्रम में मौजूद सभी साथियों व वीडियो बना रहे सीआरपीएफ के ख़ुफ़िया विभाग के लोगों को मैं इन्कलाबी सलाम पेश करता हूँ। इतना सुनते ही वे चारों खुफिया वाले वहाँ से चले गये।

रूपेश ने लिखा, कार्यक्रम के बीच में ही खाना खाने के लिए बगल में ही हमलोग सुंदर मरांडी के घर जा रहे थे, तभी लगभग 25 बाईक से लगभग 50 सीआरपीएफ वहाँ पहुंच गये और इशारा कर के बताने लगे कि वही बच्चा सिंह और रूपेश कुमार सिंह हैं। हमलोगों ने उनकी परवाह नहीं की और खाना खाने घर के अंदर चले गये। खाना खाकर आंगन में मैं कुर्सी पर बैठा ही था कि सुंदर मरांडी के घर को चारों तरफ से सीआरपीएफ ने घेर लिया और कई अधिकारी व जवान आँगन में आ गये और खाना बना रहे आदिवासी ग्रामीणों व खाना खा रहे लोगों का वीडियो व तस्वीर लेने लगे। 2 सीआरपीएफ का जवान मेरा भी वीडियो व तस्वीर लेने लगे। मैंने पूछा कि क्या बात है और वीडियो व तस्वीर क्यों ले रहे हैं, इस पर उन्होंने कहा कि हमलोग आपकी सुरक्षा में हैं।

इसी बीच एक जवान ने आकर बोला कि बच्चा सिंह को साहब बुला रहे हैं, बच्चा सिंह के साथ मैं भी अधिकारियों के पास गया। तो वे मेरा नाम जानने के बाद पूछने
लगे कि आपने अपने भाषण में सीआरपीएफ के बंदूक के साये में क्यों बोला। मैंने कहा कि मैंने जो देखा, वही बोला। इस पर वे तमक गये और लगभग 10 मिनट तक हमारे बीच में बहस होती रही। अंतिम में मैंने कहा कि मैंने कोई असंवैधानिक बात नहीं बोला है, बाकी अगर आपको लगता है, तो मेरे ख़िलाफ़ मुकदमा दर्ज करा दीजिए। यह सुनते ही और बच्चा सिंह के द्वारा बीच.बचाव करने के बाद वे लोग सामान्य हुए। रूपेश ने सवाल उठाया है कि हम क्या और कैसे बोेलेंगे क्या यह सीआरपीएफ तय करेगी।

इस आयोजन मंें शामिल हुए अंजनी विशु ने लिखा, जनवादी संस्कृतिकर्मी व झारखंड एभेन के संस्थापक सदस्य कामरेड सुंदर मरांडी का भूत आज भी 7 वीं शहादत दिवस पर राज्य व प्रशासन को सता रहा है। ये व्यवस्था किसी जनवादी संस्कृतिकर्मी के संगठन को बैन कर सकता है व उसे मार सकता है, लेकिन उनके विचारों व संघर्षों को दफन नहीं कर सकता है।


प्राध्यापिका रजनी मुर्मू ने ट्विटर पर लिखा, काफी समय से मैंने सुन रखा था कि झारखंड के गिरिडीह, बोकारो और धनबाद के क्षेत्रों में संताल महिलाएं जन आंदोलनों के द्वारा समाज में व्याप्त महिलाओं के साथ हिंसा को पुरजोर तरीके से उठा रहीं हैं और समाज में जागरूकता फैला रहीं हैं। संयोग से इस बार मुझे शहीद सुंदर मरांडी के शहादत दिवस में शामिल होने का मौका मिला। सुंदर मरांडी वो व्यक्ति हैं जिसने झारखंड एभेन की स्थापना की थी, जिसके तहत वे सरकारी दमन के साथ साथ समाज में व्याप्त कुरितियों के खिलाफ जोरदार तरीके से आवाज उठाते थे। सुंदर मरांडी के बारे में ये जानकर आश्चर्य सहित बेहद खुशी हुई कि सुदूर जंगलों के बीच एक साधारण सा आदमी अपने समाज में व्याप्त बुराईयों के खिलाफ बिगुल फूंक रहा है। ये उनके ही अभियान का नतीजा है कि गिरिडीह और उसके आस पास की ग्रामीण संताल औरतें नशामुक्ति, डायन प्रथा और बहु विवाह के खिलाफ जागरूक हैं और खुलकर बोलतीं हैं। उन्होंने भी कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा बलों की मौजूदगी पर सवाल उठाया।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More