झारखंड : लातेहार में नक्सलियों से मुठभेड़ में डिप्टी कमांडेंट राजेश कुमार शहीद, एक नक्सली डेर

रांची : झारखंड के लातेहार जिले में मंगलवार को नक्सलियों से मुठभेड़ के दौरान घायल हुए डिप्टी कमांडेंट शहीद हो गए। झारखंड जगुआर के डिप्टी कमांडेंट राजेश कुमार सलैया गांव के निकट नक्सलियों से मुठभेड़ में आज घायल हुए थे, जिसके बाद उन्हें हेलिकॉप्टर से इलाज के लिए रांची लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी जांच करने के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।इस मुठभेड़ में एक नक्सली भी मारा गया है। इसकी पुष्टि झारखंड पुलिस के प्रवक्ता अमोल होमकर ने की है।

नक्सलियों से सुरक्षा बलों की मुठभेड़ तब शुरू हुई जब सलैया गांव के निकट स्थित जंगल में झारखंड जनमुक्ति परिषद का दस्ता पहले से बैठा हुआ था। दस्ते ने अचानक सुरक्षा बल को आता देखा तो फायरिंग शुरू कर दी, जिस पर सुरक्षा बल ने भी जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान डिप्टी कमांडेंट राजेश कुमार को गोली लग गयी जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

इसके बाद उग्रवादी गोलीबारी करते हुए वहां से जंगल के अंदर की ओर भाग गए। पुलस व झारखंड जगुआर के द्वारा इलाके में संयुक्त अभियान चलाया जा रहा था, उसी क्रम में सुरक्षा बल उस इलाके में गए थे। मौके पर से एके 47 रायफल, हथियार आदि बरामद किए गए हैं। सुरक्षा बल सघन अभियान इलाके में चला रहा है।

शहीद डिप्टी कमांडेेंट को बुधवार सुबह साढे नौ बजे झारखंड जगुआर के मुख्यालय, टेंबर ग्राम, रातू में आखिरी सलामी दी जाएगी।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More