प्रेेमिका रूठी तो झारखंड के इनामी नक्सली रक्षित प्रमाणिक को करना पड़ा आत्मसमर्पण, सामान्य जिंदगी जीने की चाहत
रांची : भाकपा माओवादी के सदस्य रक्षित प्रमाणिक ने पिछले दिनों पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया था। अब उसके आत्मसमर्पण से जुड़ा एक बड़ा राज सामने आया है। रिपोर्ट के अनुसार, रक्षित प्रमाणिक ने अपनी प्रेमिका की वजह से पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया। उसकी प्रेमिका चाहती थी कि वह मुख्यधारा में वापस आ जाए और सामान्य जिंदगी जीये। रक्षित प्रमाणिक को महाराज प्रमाणिक के नाम से भी जाना जाता है।
सरायकेला खरसांवा जिले के ईचागढ के रहने वाले रक्षित प्रमाणिक पर 10 लाख का इनाम घोषित था। उसकी प्रेमिका चाहती थी कि वह मुख्यधारा में लौट आए और उसके साथ घर बसा कर सामान्य जिंदगी यापन करे। इसके लिए उसे जेल की कुछ सजा काटनी पड़े तो वह काट ले।
नक्सली संगठन को उसके द्वारा छोड़े जाने के कुछ महीने पहले गुस्से में उसकी प्रेमिका ने उससे मिलना बंद कर दिया था। जब वह एक बार उसके पास मिलने पहुंचा तो उसने उसे सरेंडर करने को कहा और बोली वह सरेंडर कर देगा तभी उससे मुलाकात करेगी। हालांकि अपने संगठन से निकाले जाने के बावजूद रक्षित प्रमाणिक की योजना थी कि वह अपना संगठन तैयार करेगा और लेवी वसूलेगा। पर, प्रेमिका ने उसे समझा कर सरेंडर करने के बाद दोबारा मिलने का वचन दिया।
प्रभात खबर अखबार में प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस अफसरों को यह जानकारी मिली है कि रक्षित प्रमाणिक बीते कई सालों से एक लड़की से प्रेम करता था। ईचागढ के दारूदा गांव के रहने वाले रक्षित प्रमाणिक पर उसकी प्रेमिका का दबाव काम कर गया। उसने 24 अगस्त को सरायकेला पुलिस के पास सरेंडर कर दिया। इससे कुछ दिन पूर्व संगठन ने उस पर पुलिस से मिले होने का आरोप लगाकर उसे बाहर कर दिया था।
रक्षित प्रमाणिक अपने संगठन में जोनल कमांडर के पद पर था। वह रांची में पोस्ट चिपकाने, पश्चिम सिंहभूम के गोइलकेरा थाना क्षेत्र के कुइडा गांव में आइइडी विस्फोट कर वन विभाग के तीन भवनों को ध्वस्त करने, खरसावां में बीजेपी के चुनावी कार्यालय को उड़ाने, हुरंगदा जंगल में पुलिस से मुठभेड़ करने सहित कई अन्य मामलों का वांछित आरोपी रहा है।


