झारखंड विधानसभा में नमाज के लिए कक्ष आवंटित, भाजपा बोली -शिव से सूर्य तक की आराधन के लिए भी स्थान दें

रांची : झारखंड विधानसभा में एक कक्ष को नमाज अता करने के लिए आवंटित किया गया है। इसके लिए विभिन्न संबंधित पक्ष को सूचित करने के लिए दो सितंबर 2021 को झारखंड विधानसभा के उप सचिव नवीन कुमार की ओर से एक पत्र जारी किया गया है। इसमें कहा गया है कि नमाज अता करने के लिए नमाज कक्ष के रूप में कमरा संख्या टीडब्ल्यू – 348 आवंटित किया जाता है। इस कदम पर भारतीय जनता पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।

भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा है कि जब चौतरफा असफलताओं से घिर जाओ तो ध्यान भटकाने की कोशिश करो। झारखंड के इतिहास में पहली बार विधानसभा भवन में नमाज अता करने के लिए नमाज भवन बनाया गया है। प्रतुल शाहदेव ने कहा है कि तुष्टीकरण की सारी सीमाएं पार हो गयीं। क्या विधानसभा में बहुसंख्यक समाज के लए मंदिर या प्रार्थना कक्ष की व्यवस्था है?


प्रतुल शाहदेव ने कहा है कि झारखंड सरकार से आग्रह है कि सोम को भगवान शिव, मंगल को श्री हनुमान, बृहस्पति को श्री विष्णु, शुक्र को मां, शनि को शनि देव और रवि को सूयदेव की आराधना के लिए विशेष प्रबंध करें।

उन्होंने कहा है कि खाली समय में सेंट्रल हॉल का भी उपयोग किया जा सकता है, क्योंकि यहां सोशल डिस्टेंसिंग का पालन आसानी से हो सकता है।

भाजपा विधायक भानु प्रताप शाही ने भी इस फैसले पर आपत्ति दर्ज करायी है। उन्होंने ट्विटर पर लिखा है कि वे झारखंड के भविष्य को लेकर बहुत चिंतित हैं। एक ओर कांग्रेस के विधायक खुलेआम तालिबान का समर्थन करते हैं। दूसरी तरफ विधानसभा में नमाज की कक्ष खोली जा रही है और तीसरी ओर हिंदी को हटा कर उर्दू को प्राथमिक नियोजन नीति में जगह दी जा रही है। झारखंड किस दिशा में जा रहा है, आप भी सोचें।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More