धनबाद के जज उत्तम आनंद के मौत मामले में सीबीआइ ने दर्ज की एफआइआर, आज से शुरू होगी जांच

रांची : धनबाद के जज उत्तम आनंद की ऑटो से टक्कर में हुई मौत के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो, सीबीआइ ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। बुधवार को दिल्ली की स्पेशल क्राइम ब्रांच टीम ने प्राथमिकी दर्ज की। सीबीआइ के सीनियर एसपी जगरूप ए गुसिन्हा ने भारतीय दंड विधान की धारा 302, 34 के तहत मामला दर्ज किया है।

जज उत्तम आनंद के मौत की जांच के लिए 20 अधिकारियों की टीम बनायी गयी है। बुधवार को फारेंसिक एक्सपर्ट और सीबीआइ स्पेशल की टीम दिल्ली से रवाना हुई है और गुरुवार को वह धनबाद पहुंच कर जांच शुरू करेगी।

मृतक जज उत्तम आनंद की पत्नी कृति सिन्हा की शिकायत पर धनबाद थाना में दर्ज केस 300/21 को आधार बनाया गया है। झारखंड के गृह विभाग ने इस मामले की सीबीआइ जांच के लिए 30 जुलाई 2021 को भारत सरकार के डिपार्टमेंट ऑफ प्रसनल एवं ट्रेनिंग डिपार्टमेंट को अनुशंसा भेजी थी।

इस मामले में विभाग द्वारा बुधवार को अधिसूचना जारी किए जाने के बाद प्राथमिकी दर्ज की गयी है। मृतक जज की पत्नी कृति सिन्हा ने अपने आवेदन में कहा है कि उनके पति 28 जुलाई 2021 को अपने आवास से टहलने के लिए निकले थे, काफी समय गुजरने के बाद भी जब वे नहीं लौटे तो हमलोगों ने खोजबीन शुरू की। इस दौरान पता चला कि गंभीर रूप से घायल जज उत्तम आनंद को स्थानीय लोग शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज अस्पताल इलाज के लिए ले गए हैं।

प्राथमिकी के अनुसार, उसी दौरान मोबाइल पर वायरल वीडियो प्रासारित किया जाने लगा कि ऑटो चालक ने जानबूझकर जज उत्तम आनंद को धक्का मारा। इस कारण सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हो गयी। अतः मामले में उचित जांच कर कार्रवाई की जाए।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More