चाय के नुक्कड़ पर नहीं संसद के अंदर पेगासस पर चर्चा होगी : ममता बनर्जी

नयी दिल्ली : तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष व पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में शानदार जीत के बाद ममता बनर्जी की कांग्रेस अध्यक्ष से इस मुलाकात को अहम राजनीतिक घटनाक्रम माना जा रहा है। ममता बनर्जी से मिलने के लिए आम आदमी पार्टी के प्रमुख व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी पहुंचे हैं। ममता के सांसद भतीजे अभिषेक बनर्जी के आवास पर दोनों नेताओं की मुलाकात हुई है और इस दौरान अभिषेक भी मौजूद थे।

ममता बनर्जी पांच दिनों की दिल्ली यात्रा पर गयी हैं और कल उन्होंने कांग्रेस के कुछ प्रमुख नेताओं से भेंट की थी। संभावना है कि अभी अलग-अलग पार्टियों के कई दूसरे नेताओं से भी उनकी मुलाकात होनी है।

ममता बनर्जी की इस राजनीतिक कवायद को मोदी के खिलाफ विपक्षी एकजुटता की कवायद से जोड़ कर देखा जा रहा है।

ममता बनर्जी ने सोनिया गांधी से मुलाकात के बाद कहा कि इस बैठक में राहुल गांधी भी शामिल थे। उन्होंने कहा कि बीजेपी को हराने के लिए सबका एक होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि हमने राजनीतिक स्थिति, पेगासस और कोरोना वायरस की स्थिति पर चर्चा की। इसके साथ ही हमने विपक्ष की एकजुटता पर भी चर्चा की।

ममता बनर्जी ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि नरेंद्र मोदी 2019 में लोकप्रिय थे। आज उन्होंने शवों का रिकॉर्ड नहीं रखा, अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया और शवों को गंगा में फेंक दिया गया। उन्होंने कहा कि जिन्होंने अपनों को खोया, वो ना तो इसे भूलेंगे और न ही माफ करेंगे।
ममता बनर्जी ने कहा कि सरकार पेगासस पर जवाब क्यों नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि यदि नीतिगत मामले पर संसद में निर्णय नहीं लिया जाएगा, वहां उस पर चर्चा नहीं की जाएगी तो कहां उस पर बात होगी? उन्होंने कहा कि चाय के नुक्कड़ पर नहीं संसद में पेगासस पर चर्चा होगी।

ममता बनर्जी ने कहा कि भाजपा के हराने के लिए सभी को साथ आना होगा, अकेले मैं नहीं सबको साथ काम करना होगा। उन्होंने कहा कि वे एक नेता नहीं कैडर हैं, सड़क की आम आदमी हैं।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More