झारखंड : हेमंत कैबिनेट ने राज्य सरकार के कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 11 प्रतिशत बढाया

रांची : झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार ने मंगलवार को राज्य सरकार के कर्मचारियों को बड़ा तोहफा दिया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में प्रोजेक्ट भवन में हुई कैबिनेट की बैठक में झारखंड सरकार के कर्मचारियों के महंगाई भत्ता में 11 प्रतिशत की वृद्धि करने का फैसला लिया। इसके साथ कैबिनेट ने कुल 19 प्रस्तावों को मंजूरी दी।
केंद्र सरकार द्वारा अपने कर्मचारियों का महंगाई भत्ता बढाए जाने का निर्णय लिए जाने के बाद ही यह उम्मीद जतायी जा रही थी कि झारखंड सरकार भी इस तरह का निर्णय ले सकती है। अब झारखंड सरकार के कर्मचारियों को 17 प्रतिशत की जगह 28 प्रतिशत का महंगाई भत्ता मिलेगा। महंगाई भत्ता में यह वृद्धि जारी महीने यानी एक जुलाई 2021 से प्रभावी होगी।
हेमंत सरकार के इस फैसले से राज्य सरकार के ढाई लाख कर्मचारियों को लाभ होगा। जबकि राज्य के खजाने पर करीब 1000 करोड़ रुपये से अधिक का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।
हेमंत सोरेन कैबिनेट ने एक और बड़ा निर्णय लिया है। सरकार ने तय किया है कि सरकारी स्कूलों में नौवीं व दसवीं कक्षा में पढने वाले सभी बच्चों को निःशुल्क पुस्तक राज्य सरकार की ओर से दी जाएगी।
वहीं, विधि आयोग का कार्यकाल इस साल 13 नवंबर तक बढा दिया गया है।
राज्य के सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में प्रशिक्षण शुल्क लागू करने और कॉशन मनी बढाने को स्वीकृति दी गयी है।


