हेमंत सरकार गिराने की साजिशों की जांच के लिए रांची पुलिस दिल्ली-मुंबई पहुंची, सुबोधकांत ने लगाया बड़ा आरोप

रांची : झारखंड में मुख्यमंत्री हेमंत सरकार के नेतृत्व वाली झामुमो-कांग्रेस सरकार को गिराने की कथित साजिश का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस मुद्दे पर जहां राज्य की तीन प्रमुख पार्टियों झाुममो-कांग्रेस एवं भाजपा के बीच जुबानी जंग चल रही है, वहीं रांची पुलिस की एक टीम मामले की जांच के लिए मुंबई व दिल्ली पहुंच गयी है।

इस मामले की जांच के लिए रांची सदर डीएसपी प्रभात रंजन के नेतृत्व में टीम गठित की गयी है, उसमें रांची के साइबर डीएसपी सशोधरा और खलारी के डीएसपी अनिमेष नैथानी को शामिल किया गया है।

दिल्ली गयी टीम वहां एयरपोर्ट से आठ लोगों के निकलने की पड़ताल करेगी। इसके साक्ष्य जुटाएगी। साथ ही उस होटल में भी जांच करेगी, जहां उनके ठहरने की बात कही जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज भी जुटाएगी।

इस मामले को लेकर टूट की आशंका कांग्रेस में जतायी जा रही है। इसलिए कांग्रेस के कुछ विधायकों की भूमिका की पड़ताल भी हो रही है। कांग्रेस के एक विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी ने कहा भी है कि उन्हें बड़ा ऑफर दिया गया था।

उधर, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ रामेश्वर उरांव व विधायक दल के नेता आलमगीर आलम अपनी ओर से मामले से जुड़ी जानकारियां जुटा रहे है। प्रदेश कांगेस विधायकों से बातचीत कर उसकी रिपोर्ट केंद्रीय नेतृत्व को दे सकता है। आलमगीर आलम ने कहा है कि विधायकों के नाम आये हैं तो उसकी जांच हो रही है।

उधर, प्रदेश प्रभारी आरपीएन सिंह ने कहा है कि अभी जांच चल रही है, पूरा खुलासा हो जाए तो देखेंगे। उन्होंने कहा है कि उन्हें पूरे घटनाक्रम की जानकारी है। अभी कई और बातें सामने आने वाली है। पहले पूरे मामले का खुलासा हो जाए फिर पार्टी स्तर पर भी देखा जाएगा।

उधर, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुबोधकांत सहाय ने कहा है कि कर्नाटक व मध्यप्रदेश की सरकारों को करोड़ों रुपये ऑफर कर गिरा दिया गया था। अब यहां हमारे विधायकों को प्रलोभन देने की कोशिश भाजपा कर रही है। हम मामले की जांच कर रहे हैं, विधायकों ने भाजपा के ऑफर से इनकार नहीं किया है।

उन्होंने कहा कि भाजपा नेतृत्व झारखंड को हाथ से गंवाने को स्वीकार नहीं कर पा रहा है। इसलिए तीन बार उन्होंने हमारे विधायकों को प्रलोभन देने की कोशिश की है। यह सच है कि वे छोटी रकम नहीं बल्कि करोड़ों में राशि ऑफर करते हैं।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More