झारखंड : राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू को एयरपोर्ट पर गरिमापूर्ण विदाई, कल्पना ने छूए पांव, गवर्नर बोलीं – यह मेरा दूसरा घर

रांची : झारखंड की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू को सोमवार को रांची एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, उनकी पत्नी कल्पना सोरेन, मुख्य सचिव सुखदेव सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने बेहद भावपूर्ण एवं गरिमापूर्ण विदाई दी। इस दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन ने राज्यपाल के पैर छू कर आशीर्वाद भी लिया।

अपने विदाई के दौरान राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं उनकी पत्नी कल्पना सोरेन से कहा कि यहां मुझे बार-बार आना पड़ेगा, क्योंकि यह मेरा दूसरा घर है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को शुभकामनाएं दीं और उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की। राज्यपाल विमान मार्ग से ओडिशा स्थित अपने पैतृक आवास के लिए रवाना हो गयीं।

आमतौर पर केंद्र में विरोधी पार्टियों की सरकारों द्वारा नियुक्त किए गए राज्यपाल के रहते हुए राजभवन व मुख्यमंत्री कार्यालय में कई बार तल्खी देखी जाती है। लेकिन, झारखंड में द्रौपदी मुर्मू ने एक आदर्श पेश किया। उनकी नियुक्ति मोदी सरकार ने अपने पहले कार्यकाल में की थी। द्रौपदी मुर्मू के कार्यकाल में दो अलग-अलग पार्टियों भाजपा एवं झामुमो की सरकार रही और दोनों मुख्यमंत्रियों के साथ उनके गरिमापूर्ण संबंध रहे।

राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने अपने कार्यकाल में चाहे भाजपा की सरकार हो या झामुमो-कांग्रेस की जहां संवैधानिक हस्तक्षेप की जरूरत समझी किया और सरकार को आवश्यक सुझाव भी दिया। इसी वजह से उनको लेकर हर दल ने सम्मान व्यक्त किया।

केंद्र सरकार ने राज्य में रमेश वैस को नए गर्वनर के रूप में नियुक्त किया है। वैस 13 जुलाई को रांची पहुंचेंगे और 14 जनवरी को शपथ ग्रहण करेंगे।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More