उत्तराखंड : तीरथ सिंह रावत ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया, नए नेतृत्व पर फैसला आज संभव

 

देहरादून : उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पद से तीरथ सिंह रावत ने शुक्रवार देर रात इस्तीफा दे दिया। तीरथ सिंह रावत ने देर रात राज्यपाल बेबी रानी मौर्य से राजभवन में भेंट कर उन्हें इस्तीफा सौंपा। इसकी जानकारी राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने एक ट्वीट कर दी।

अपने इस्तीफे से पहले शुक्रवार रात तीरथ सिंह रावत ने एक प्रेस कान्फ्रेस कर अपनी सरकार के कामकाज को गिनाया। तीरथ सिंह रावत इसी साल मार्च में मुख्यमंत्री बने थे। वे फिलहाल विधानसभा के सदस्य नहीं हैं और एक सांसद हैं। संवैधानिक बाध्यताओं के तहत उन्हें मुख्यमंत्री बनने के बाद विधानसभा का सदस्य निर्वाचित होना था।

शनिवार को दोपहर तीन बजे उत्तराखंड भाजपा विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें नए नेता के चयन पर फैसला लिया जा सकता है। तीरथ सिंह रावत मुख्यमंत्री बनने के बाद बार-बार अपने विवादित बयान की वजह से चर्चा में आते रहे।

बुधवार को पार्टी हाइकमान के बुलावे पर तीरथ सिंह रावत दिल्ली गए थे, जिसके बाद नए नेतृत्व के चयन की चर्चा शुरू हो गयी थी। भाजपा ने त्रिवेंद्र सिंह रावत की जगह मार्च में तीरथ सिंह रावत को मुख्यमंत्री बनाया था। उत्तराखंड राज्य गठन के बाद से ही राजनीतिक अस्थिरता का शिकार रहा है।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More