गौरव : टोकयो ओलिंपिक में खेलेंगी झारखंड की दो बेटियां, निक्की प्रधान और सलीमा टेटे

रांची : जापान की राजधानी टोकयो में होने वाले दुनिया की सबसे बड़ी खेल प्रतिस्पर्धा ओलिंपिक में झारखंड की दो बेटियां निक्की प्रधान और सलीमा टेटे हिस्सा लेंगी। ये दोनों बेटियां हाॅकी खिलाड़ी हैं और उसी की प्रतिस्पर्धा में भाग लेंगी। भारतीय महिला हाॅकी टीम में खूंटी की निक्की प्रधान और सिमडेगा की सलीमा टेटे का चयन हुआ है।

गुरुवार को हाॅकी इंडिया ने 16 सदस्यीय टीम का ऐलान किया, जिसमें इन दोनों का नाम शामिल है। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य की दोनों बेटियों का चयन दुनिया की सबसे बड़ी खेल प्रतिस्पर्धा के लिए होने पर खुशी जतायी है और उन्हें बधाई दी है। उन्होंने कहा है कि दोनों बेटियों ने राज्य का मान बढाया है। निक्की प्रधान डिफेंडर हैं जबकि सलीमा टेटे मिडफिल्डर हैं।

निक्की प्रधान दूसरी बार जबकि सलीमा टेटे पहली बार हाॅकी प्रतिस्पर्धा में हिस्सा लेंगी। इस साल 23 जुलाई से आठ अगस्त तक टोकियो में ओलिंपिक प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा।

निक्की प्रधान खूंटी जिले के मुरहू प्रखंड के हेसल गांव की रहने वाली हैं। उनके पिता बिहार पुलिस में थे जबकि मां गृहिणी हैं। वे 2011 में हुए राष्ट्रीय खेल में बेस्ट प्लेयर का पुरस्कार जीत चुकी हैं।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More