नीता अंबानी के बीएचयू में लेक्चर देने की फैली फर्जी खबर, रिलायंस ने कहा, नहीं मिला कोई आमंत्रण

मुंबई : मशहूर लोगों व सेलिब्रिटी को लेकर अक्सर गलत खबरें व अफवाह फैल जाती हैं। रिलायंस इंडस्ट्री के चेयरमैन मुकेश अंबानी की पत्नी व रिलायंस फाउंडेशन के चेयरपर्सन नीता अंबानी के बारे में भी ऐसी ही एक फर्जी खबर फैली की वे वाराणसी के बनारस हिंदू विश्वविद्यालय जाएंगी और वहां लेक्चर देंगी। पर, यह खबर गलत है और रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने इसका खंडन किया है।

रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के प्रवक्ता ने न्यूज एजेंसी एएनआइ से कहा है कि नीता अंबानी के बीएचयू में लेक्चर के लिए जाने की खबर झूठी है। रिलायंस के प्रवक्ता के अनुसार, नीता अंबानी को इस तरह का कोई आमंत्रण बीएचयू प्रशासन की ओर से नहीं मिला है।

मालूम हो कि मीडिया में इससे पहले यह खबर आयी थी कि नीता अंबानी को बीएचयू में विजिटिंग प्रोफेसर बनाने का विरोध हो रहा है। इस खबर को लेकर छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया था।

मंगलवार को कुलपति राकेश भटनागर के आवास के बाहर 40 छात्रों ने इसके खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया था और ज्ञापन सौंपा था। यह रिपोर्ट आयी थी कि सामाजिक विज्ञान संकाय ने नीता अंबानी को विजिटिंग प्रोफेसर के रूप में न्यौता भेजा था। महिला अध्ययन केंद्र के द्वारा यह प्रस्ताव भेजे देने की खबर आयी थी, जिसे अब खारिज कर दिया गया है।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More