हरियाणा के विधायक किसानों के मुद्दे पर बोले – जनता हमें गांव में घुसने नहीं देती, हमें लोहे के हेलमेट व कपड़े पहनने होंगे

चंडीगढ : हरियाणा में भाजपा के साथ सत्ता में साझीदारी कर रही जननायक जनता पार्टी के एक विधायक ने
किसानों के मुद्दे पर बड़ा बयान दिया  है। हरियाणा के जेजेपी विधायक देवेंद्र बबली ने कहा है कि जनता हमसे खुश नहीं है, गांव में घुसने नहीं देती, उनके बीच गए तो पीटे जाएंगे। उन्होंने कहा कि हमें अब लोहे के हेलमेट और लोहे के कपड़े व अंडरगार्मेंट पहनने होंगे।

उन्होंने पत्रकारों के सवाल के जवाब में कहा जनता हमसे नाखुश है और अब तो सरकार से बाहर आ जाना चाहिए, हमें बैठने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि वे कैमरे के माध्यम से कहना चाहेंगे कि मुख्यमंत्री का कार्यक्रम करवा कर दिखा दीजिए मैं मान जाउंगा, डिप्टी सीएम खुद उचाना में रैली करके दिखा दीजिए। हमारा कोई और विधायक और मैं खुद वहां जा नहीं सकते, डंडे लेकर कुटेंगे। लोहे के हेलमेट, कपड़े व गारमेंट पहनने पड़ेंगे। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी से लोग अधिक निराश व नाखुश हैं। उन्होंने कहा कि जबतक किसानों की समस्या का समाधान नहीं होता है तबतक ऐसी स्थिति रहेगी।

हरियाणा विधानसभा में आज मनोहर लाल खट्टर सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव आने वाल है। इससे पहले सहयोगी पार्टी जेजेपी के विधायक देवेंद्र बबली ने कहा कि अगर मैं किसानों के साथ खड़ा हुआ तो मुझे पार्टी बाहर निकाल देगी। इस मुद्दे पर डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला व पूरी पार्टी को साथ आना चाहिए।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More