फुल इलेक्शन मोड में भाजपा, पुडुचेरी में मोदी, असम में शाह तो बंगाल में जेपी नड्डा

पुडुचेरी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

नयी दिल्ली : पांच राज्यों पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, असम, केरल व पुडुचेरी के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा पूरी तरह से सक्रिय है। पार्टी के बड़े नेता लगातार चुनावी राज्यों के दौरे पर हैं। गुरुवार को एक साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह व भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा तीन अलग-अलग चुनावी राज्यों के दौरे पर हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने आज पुडुचेरी में कई विकास योजनाओं की नींव रखी है तो अमित शाह असम के दौरे पर हैं और कई कार्यक्रमों में शामिल हो रहे हैं। वहीं, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा पश्चिम बंगाल के दौरे पर हैं और सोनार बांग्ला के निर्माण के लिए लोगों का सुझाव मांगा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पुडुचेरी दौरे के क्रम में विभिन्न विकास परियोजनाओं का उदघाटन व शिलान्यास किया। इस दौरान पुडुचेरी की उपराज्यपाल तमिलसाईं सुंदरराजन भी मौजूद थीं। उन्होंने इस दौरान लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि अपनी विकास की जरूरतों को पूरा करने के लिए भारत को विश्वस्तरीय आधारभूत संरचना की जरूरत है। एनएच-35ए की चार लेन की आधारशिला रखी गयी है और इससे कनेक्टिविटी बढेगी और आर्थिक गतिविधियों की गति बढेगी। मोदी ने कहा कि हेल्थकेयर सेक्टर आने वाले समय में मुख्य भूमिका निभाएगा और जो राष्ट्र स्वास्थ्य में निवेश करेंगे वे चमकेंगे। इस साल के बजट में स्वास्थ्य सेक्टर को बढती बढत मिली है। उन्होंने पुडुचेरी में एक जनसभा को भी संबोधित किया।

असम में गृहमंत्री अमित शाह

अमित शाह ने असम के दौरे दौरान नगांव के महामृत्युंजय मंदिर में पूजा की। वे मंदिर के प्राणप्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उनके साथ असम के मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल व राज्य सरकार के मंत्री हेमंत बिस्वा सरमा मौजूद थे। शाह ने कहा कि हमें असम को बाढ मुक्त, घुसपैठियों और हिंसा से मुक्त बनाना है। असम और पूरे उत्तरपूर्व को जीडीपी में सबसे ज्यादा योगदान देने वाला बनाना है।

पश्चिम बंगाल में जेपी नड्डा

पश्चिम बंगाल के दौरे के दौरान भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने 294 विधानसभा क्षेत्र की जनता से सुझाव मांगने के लिए एक अभियान की शुरुआत की और इसका मोबाइल नंबर, वाट्सएप नंबर व वेबसाइट का पता जारी किया। उन्होंने इसके लिए एलइडी वैन को झंडा दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि ये 294 वैन बंगाल के 294 विधानसभा क्षेत्र में जाएगी और लोगों का सुझाव एकत्र करेगी। जेपी नड्डा द्वारा शुरू किया गया सोनार बांग्ला कैंपन तीन मार्च से 20 मार्च तक चलेगा। इसके लिए मोबाइल नंरब 9727294294 पर फोन व वाट्सएप मैसेज किया जा सकता है। नड्डा की मौजूदगी में बांग्ला अभिनेत्री पायल सरकार भाजपा में शामिल हो गयीं।

गुड्डू का गन फेम एक्ट्रेस पायल सरकार BJP में हुईं शामिल, नड्डा ने शुरू किया सोनारा बांग्ला अभियान

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More